Diwali 2026: 8 नवंबर 2026 को पूरा देश दीपावली यानी दिवाली का त्योहार मना रहा है. इसे रौशनी का त्योहार भी कहा जाता है. दिवाली हिंदू धर्म के सबसे बड़े और प्रमुख त्योहारों में से एक है. हर साल कार्तिक महीने की अमावस्या को दीपावली का पर्व मनाया जाता है. इस दिन घरों को दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाता है. शाम को मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है. मान्यता है कि दिवाली का त्योहार अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है.
क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर दिवाली मनाने की शुरुआत कैसे हुई? इस पर्व को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं. इनमें भगवान राम की अयोध्या वापसी, पांडवों के वनवास से लौटने और समुद्र मंथन से मां लक्ष्मी के प्रकट होने की कथाएं प्रमुख हैं. आइए जानते हैं दिवाली से जुड़ी इन तीन मान्यताओं के बारे में.
1. भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में जले थे दीप
दिवाली मनाने के पीछे सबसे लोकप्रिय धार्मिक मान्यता भगवान श्रीराम से जुड़ी है. रामायण के अनुसार, भगवान राम को पिता के वचन का पालन करते हुए 14 साल के का वनवास बिताना पड़ा था. इस दौरान रावण ने माता सीता का हरण कर लिया था. माता सीता को रावण के चंगुल से मुक्त कराने के लिए भगवान राम ने लंका पर चढ़ाई की और रावण का वध किया. वनवास की अवधि पूरी होने के बाद भगवान राम, माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ अयोध्या वापस लौटे. मान्यता है कि उनके स्वागत में अयोध्या के लोगों ने पूरे नगर को दीपों से रोशन कर दिया था. इसी परंपरा को याद करते हुए हर साल कार्तिक अमावस्या को दिवाली मनाई जाती है. यह कथा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है.
2. पांडवों की वापसी से भी जुड़ी है दिवाली की मान्यता
दिवाली को लेकर एक दूसरी मान्यता महाभारत काल के पांडवों से जुड़ी हुई है. धार्मिक कथाओं के अनुसार, पांडवों को जुए में हारने के बाद 12 साल के का वनवास और एक वर्ष का अज्ञातवास बिताना पड़ा था. कुल 13 वर्षों की कठिन अवधि पूरी करने के बाद जब पांडव वापस लौटे तो उनके स्वागत और खुशी में दीप जलाए गए थे. इसी वजह से कुछ मान्यताओं में दिवाली का संबंध पांडवों की घर वापसी से भी जोड़ा जाता है.
3. समुद्र मंथन से हुआ था मां लक्ष्मी का प्राकट्य
दिवाली की तीसरी प्रमुख मान्यता समुद्र मंथन और मां लक्ष्मी के प्रकट होने से जुड़ी है. पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, देवताओं और असुरों ने मिलकर समुद्र मंथन किया था. इस मंथन से कई अनमोल रत्न और दिव्य वस्तुएं निकलीं. इन्हीं में मां लक्ष्मी भी प्रकट हुई थीं. मां लक्ष्मी को धन, वैभव और सुख-समृद्धि की देवी माना जाता है. यही वजह है कि कार्तिक अमावस्या की रात दिवाली पर उनकी विशेष पूजा की जाती है. भक्त अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं, दीपक जलाते हैं और मां लक्ष्मी से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना करते हैं.


