Gold Discovery History: सोने की खोज किसने की थी और कब ? जानें हजारों साल पुराना इतिहास, गोल्ड कैसे गहनों से दौलत का प्रतीक बना

0
269
सोने की खोज किसने की थी और कब हुई?

नई दिल्ली. इस दुनिया में शायद ही कोई महिला हो जिसे सोना पसंद ना आए. सबसे ज्यादा आकर्षित करने वाली चीजों में से एक इस धातु की कीमत सालों साल बढ़ती जा रही है. सोना दुनिया की सबसे कीमती धातुओं में शामिल है. शादी-ब्याह हो या त्योहार, गहने खरीदने हों या भविष्य के लिए निवेश करना हो, हर जगह सोने की खास अहमियत है. भारत में तो इसे समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक भी माना जाता है. यह सवाल हर किसी के मन में उठता होगा कि सबसे पहले सोने की खोज किसने की थी?

आज हर शादी, त्योहार और यहां तक की शुभ काम के लिए सोने को खरीदा जाता है. इसे सिर्फ महिलाएं ही नहीं पुरुष भी अपने शरीर पर धारण करते हैं. लोग सोने का गहना बनवाते हैं तो कई अपने दांतों में भी इसे जड़वाते हैं. सवाल यह है कि इंसानों ने इस चमकदार पीली धातु को कब पहचाना. यह गहनों से दौलत का प्रतीक कैसे बन गया? आइए जानते हैं सोने का दिलचस्प इतिहास.

सोने की खोज किसने की थी और कब हुई?

अगर हम सोने के इतिहास को खंगालें तो इसे लेकर कुछ ठोस तथ्य सामने नहीं आते. इतिहासकारों के पास ऐसा कोई पुख्ता प्रमाण नहीं है, जिससे पता चल सके कि सबसे पहले सोना किस व्यक्ति ने खोजा था. माना जाता है कि हजारों साल पहले इंसानों को सोना नदियों, पहाड़ों और चट्टानों के आसपास प्राकृतिक रूप से मिला होगा.

सबसे पुराने सोने के गहने कहां मिले?

सोने को लेकर जो जानकारी इतिहासकारों ने साझा किए हैं इसके मुताबिक शुरुआती इस्तेमाल बुल्गारिया के वारना इलाके में मिले हैं. यहां पुरातत्वविदों को लगभग 4,600 से 4,200 ईसा पूर्व के सोने के आभूषण और दूसरी वस्तुएं मिली हैं. इस जगह से हजारों सोने की चीजें बरामद हुई हैं. इनमें अंगूठियां, मोती और सजावटी सामान शामिल हैं. इनसे पता चलता है कि उस समय सोना केवल गहने बनाने के काम नहीं आता था.

मिस्र में क्यों खास था सोना?

इतिहास को पढ़ने पर ऐसा पता चलता है कि प्राचीन मिस्र की सभ्यता में सोने का बहुत महत्व था. वहां के राजा, रानियां और अमीर लोग सोने के आभूषण पहनते थे. मिस्र के लोग इसे सूर्य और देवताओं से जोड़कर देखते थे. उनके लिए सोना शक्ति, पवित्रता और अमरता का प्रतीक था. मंदिरों, महलों और राजाओं की कब्रों में भी सोने की वस्तुएं रखी जाती थीं. साल 1922 में पुरातत्वविद हॉवर्ड कार्टर ने राजा तूतनखामुन की कब्र खोजी थी. यहां से सोने का प्रसिद्ध मुखौटा, आभूषण और कई कीमती वस्तुएं मिलीं.

गहनों से दौलत का प्रतीक कैसे बना सोना?

जब सोने की खोज एक धातु के रूप में हुई थी तो इसका इस्तेमाल गहने और सजावटी वस्तुएं बनाने के लिए होता था. समय बदला और कभी नष्ट ना होने के गुण की वजह से इसकी कीमत बढ़ने लगी. इसकी चमक लंबे समय तक बनी रहती थी और यह आसानी से खराब भी नहीं होता था. इसके अलावा, सोना हर जगह आसानी से नहीं मिलता था. जिन लोगों और राजाओं के पास ज्यादा सोना होता था. उन्हें अमीर और ताकतवर माना जाने लगा. राजा अपने खजानों में सोना जमा करने लगे. इस तरह यह धन, सत्ता और सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रतीक बन गया.

सोने के सिक्कों की शुरुआत कब हुई?

छठी शताब्दी ईसा पूर्व का समय सोने के इतिहास में काफी अहम माना जाता है. अब जिसे तुर्किये के नाम से जाना जाता है इसके पश्चिमी हिस्से में स्थित लिडिया के शासकों ने सोने और चांदी की प्राकृतिक मिश्रित धातु इलेक्ट्रम से सिक्के बनवाने शुरू किए. इससे सोने का इस्तेमाल गहनों के साथ-साथ व्यापार और लेन-देन में भी होने लगा.

आज भी क्यों खास है सोना?

हजारों साल बीतने के बाद भी सोने की लोकप्रियता कम नहीं हुई है. आज इसका इस्तेमाल गहने बनाने, निवेश और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में किया जाता है. इसकी सीमित उपलब्धता, चमक, मजबूती और दुनियाभर में मांग इसे खास बनाती है. इस तरह नदियों और चट्टानों में प्राकृतिक रूप से मिलने वाली यह पीली धातु धीरे-धीरे इंसानी सभ्यता का अहम हिस्सा बन गई. आज भी सोना केवल गहना नहीं, बल्कि धन, परंपरा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है.

  • TAGS
  • [post_tags]