त्योहार पर झारखंड के खूँटी में पसरा मातम, बेकाबू ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला, 11 महीने के मासूम समेत सात की मौत

0
133

नई दिल्ली. एक तरफ पूरे भारत में त्योहारों की धूम है तो दूसरी तरफ झारखंड के खूँटी में मातम पसरा है. शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई. मृतकों में 11 महीने का एक मासूम बच्चा, महिलाएं और किशोर-किशोरियां शामिल हैं. हादसे में पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

यह दुर्घटना कर्रा थाना क्षेत्र के कोसाम्बी हरिजन कॉलोनी के पास हुई. यहां एक स्कूटी दुर्घटना के बाद सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ जमा थी. इसी दौरान तोरपा की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित हो गया. सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

स्कूटी हादसे के बाद मदद के लिए जुटे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे कोसाम्बी हरिजन कॉलोनी के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए सड़क पर इकट्ठा हो गए थे. इसी बीच तोरपा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर वहां पहुंचा. बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. ट्रेलर सड़क पर मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया. इसकी चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर पुलिया को तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. खूँटी के एसपी ऋषभ गर्ग और कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार भी मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच साल की गंभीर रूप से घायल बच्ची का इलाज किया जा रहा है. एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

ट्रेलर चालक और खलासी फरार

हादसे के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त 18 चक्का ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. एक ही दुर्घटना में सात लोगों की मौत से कोसाम्बी हरिजन कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है. हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

  • TAGS
  • [post_tags]