Preity Zinta: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा जल्द ही फिल्म ‘बटवारा 1947’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. करीब आठ साल के ब्रेक के बाद कैमरे के सामने लौटना उनके लिए आसान नहीं था. एक मीडिया बातचीत के दौरान प्रीति ने अपनी वापसी, शूटिंग के पहले दिन की घबराहट और सनी देओल के साथ जुड़ी कुछ मजेदार पुरानी यादें शेयर कीं.
प्रीति ने बताया कि निर्देशक राजकुमार संतोषी ने फिल्म की शूटिंग की शुरुआत ही एक बेहद भावुक और मुश्किल सीन से करवाई. लंबे समय बाद सेट पर लौटने के कारण वो पहले से ही थोड़ी नर्वस थीं और ऊपर से पहले दिन इतना कठिन सीन मिलने से उनकी घबराहट और बढ़ गई. उन्होंने बताया कि उस समय वो सनी देओल की तरफ देख रही थीं और मन ही मन सोच रही थीं कि अब क्या करें. हालांकि, सनी ने उनका तनाव कम करने में काफी मदद की.
सनी देओल ने कहा- चिंता मत करो
प्रीति के मुताबिक, सनी देओल ने सेट पर उनका काफी सपोर्ट किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सनी बेहद शांत, अच्छे दिल वाले और मददगार इंसान हैं. सनी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है और वो रीटेक से बिल्कुल परेशान नहीं होते. इतना ही नहीं, सनी ने माहौल को हल्का करने के लिए उनसे ये भी पूछा कि वो कुछ खाना चाहेंगी या नहीं. प्रीति के अनुसार, उनकी इस सहजता से शूटिंग शुरू होने के बाद उनका डर धीरे-धीरे कम हो गया.
जब सनी देओल की डांट डायरी में लिखी थी
प्रीति ने सनी और बॉबी देओल से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि करीब 1999 के आसपास उन्होंने पहली बार एप्पल का कंप्यूटर सनी देओल के पास देखा था.
इसके बाद उन्होंने लैंडलाइन फोन के दौर की एक मजेदार घटना याद की. एक रात वो बॉबी देओल से बात करना चाहती थीं और उन्होंने फोन किया. फोन सनी ने उठाया और देर रात कॉल करने पर नाराज होते हुए कहा, “ये भी कोई टाइम है कॉल करने का!”
प्रीति को आज भी याद है वो घटना
प्रीति ने बताया कि उस समय सनी की डांट से वो काफी घबरा गई थीं. उन्होंने अपनी निजी डायरी में तक लिख दिया था कि उन्हें खुद सनी देओल ने डांटा है. इस किस्से को सुनाते हुए प्रीति और सनी दोनों हंस पड़े. खास बात ये रही कि सनी को ये घटना खुद याद नहीं थी.
‘बटवारा 1947’ में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बटवारा 1947’ एक पीरियड ड्रामा फिल्म है. इसकी कहानी भारत के विभाजन और पंजाब के बंटवारे की पृष्ठभूमि में रखी गई है और कहानी का एक अहम हिस्सा लाहौर से जुड़ा है.
फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म को आमिर खान के प्रोडक्शन बैनर का समर्थन प्राप्त है और ये 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है.


