Neeru Bajwa Birthday: बॉलीवुड में नहीं मिली पहचान, पंजाबी इंडस्ट्री में दिलजीत संग इस फिल्म ने नीरू बाजवा को बनाया सुपरस्टार

0
97

Neeru Bajwa Birthday: मनोरंजन जगत में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत हिंदी सिनेमा से की, लेकिन असली पहचान उन्हें क्षेत्रीय फिल्मों से मिली. नीरू बाजवा भी इसी फेहरिस्त में शामिल हैं. उन्होंने महज 18 साल की उम्र में दिग्गज एक्टर देव आनंद के साथ बॉलीवुड में कदम रखा था. हालांकि, हिंदी फिल्मों में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन पंजाबी सिनेमा में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और आज वह इंडस्ट्री की सबसे फेमस एक्ट्रेस में शुमार हैं.

कनाडा में पली-बढ़ीं, एक्टिंग का था जुनून

नीरू बाजवा का जन्म और पालन-पोषण कनाडा के वैंकूवर में हुआ. उन्होंने 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने बताया था कि पढ़ाई की तुलना में उनका झुकाव बॉलीवुड की ग्लैमरस दुनिया की ओर अधिक था. इसी जुनून ने उन्हें बेहद कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में पहुंचा दिया.

बॉलीवुड के बाद टीवी पर आजमाया हाथ

नीरू ने साल 1998 में देव आनंद की फिल्म ‘मैं सोलह बरस की’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इसके बाद उन्होंने ‘प्रिंस’ और ‘फूंक 2’ जैसी फिल्मों में भी काम किया, लेकिन उन्हें हिंदी सिनेमा में वह लोकप्रियता नहीं मिली जिसकी उम्मीद थी. इसके बाद उन्होंने टेलीविजन का रुख किया. साल 2003 में दूरदर्शन के शो ‘हरी मिर्च लाल मिर्च’ से टीवी करियर शुरू किया. वह ‘अस्तित्व… एक प्रेम कहानी’, ‘जीत’ और ‘गन्स एंड रोजेज’ जैसे धारावाहिकों में भी नजर आईं.

पंजाबी म्यूजिक वीडियोज से मिली पहचान

टेलीविजन के दौरान नीरू बाजवा की मुलाकात एक्टर अमित साध से हुई. दोनों ने सगाई भी की, लेकिन करीब आठ साल के रिश्ते के बाद उनका अलगाव हो गया. इसके बाद नीरू ने पंजाबी म्यूजिक वीडियोज में काम करना शुरू किया. कमल हीर के ‘कैंथे वाला’ से शुरू हुआ यह सफर आतिफ असलम के एल्बम ‘दूरी’ के लोकप्रिय गाने ‘हम किस गली’ तक पहुंचा. इन गीतों ने पंजाबी दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ाई.

पंजाबी सिनेमा की बनीं ‘क्वीन’

वर्ष 2004 में ‘आसा नू मान वतना दा’ से नीरू ने पंजाबी फिल्मों में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने जिमी शेरगिल, अमरिंदर गिल, गिप्पी ग्रेवाल और दिलजीत दोसांझ जैसे सितारों के साथ काम किया. दिलजीत के साथ उनकी फिल्म ‘जट्ट एंड जूलियट’ बड़ी हिट साबित हुई. इस सफलता ने नीरू को पंजाबी सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में स्थापित कर दिया. आज वह पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी और फेमस एक्ट्रेस में गिनी जाती हैं.

 

  • TAGS
  • [post_tags]