Lock Upp 2 Update: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के हालिया जजमेंट डे एपिसोड में टेलीविजन के जाने-माने एक्टर हर्षद चोपड़ा ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा डार्क और दर्दनाक पन्ना खोला, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया. दरअसल, शो में एलिमिनेशन की तलवार से बचने के लिए कंटेस्टेंट्स को अपने जीवन का सबसे बड़ा सीक्रेट शेयर करना था. इसी दौरान हर्षद ने अपने पहले प्यार, उससे मिले धोखे और उस बेइंतहा दर्द का जिक्र किया, जिसने एक वक्त पर उन्हें खुद को खत्म करने की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया था. आइए जानते हैं उस रात की पूरी दास्तान, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है.
जब टूटे दिल के दर्द में उठा लिया आत्मघाती कदम
हर्षद ने बेहद भावुक होते हुए बताया कि उनका पहला रिश्ता उनके दिल के बेहद करीब था. लेकिन जब उस रिश्ते का अंत हुआ, तो वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे. उन्होंने उस खौफनाक पल को याद करते हुए कहा, ‘वो मुझसे नाराज थी. फिर मुझे कहीं से खबर मिली कि वो इस वक्त किसके साथ है और क्या कर रही है. उस पल मेरे अंदर जो अजीब सी छटपटाहट और तकलीफ हो रही थी, मैं उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था, गुस्से और नासमझी में मैंने अपनी कलाई काट ली.’ ये कहते हुए हर्षद की आंखें भर आईं और उन्होंने कैमरे के सामने अपने हाथ पर मौजूद उस पुराने जख्म का निशान भी दिखाया.
अस्पताल के बेड पर भी सहनी पड़ी बेबसी
खुद को नुकसान पहुंचाने के बाद हर्षद की हालत बिगड़ गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई. हर्षद के मुताबिक, डॉक्टरों ने पुलिस केस और कानूनी पचड़ों के डर से शुरुआत में उनका इलाज करने से साफ मना कर दिया था. उन्होंने बताया, ‘उस वक्त मैं और मेरे करीबी डॉक्टरों के आगे गिड़गिड़ा रहे थे, हाथ-पैर जोड़ रहे थे. बहुत मिन्नतों के बाद जाकर डॉक्टरों ने मरहम-पट्टी शुरू की.’ इस खौफनाक हादसे ने हर्षद को अंदर तक झकझोर दिया और जिंदगी को देखने का उनका नजरिया हमेशा के लिए बदल गया.
मायूस हुआ शो का माहौल, रो पड़े साथी कंटेस्टेंट्स
हर्षद के मुंह से ये दर्दनाक आपबीती सुनकर शो में मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स अपने आंसू नहीं रोक पाए. कुछ पल के लिए पूरे सेट पर सन्नाटा पसर गया. सभी की आंखें नम थीं और कई कंटेस्टेंट्स ने हर्षद को गले लगाकर ढांढस बंधाया. जजमेंट डे का ये बेहद इमोशनल वीडियो क्लिप इस समय इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस हर्षद के इस साहस की तारीफ कर रहे हैं.
ये पहली बार नहीं है जब हर्षद ने अपनी पर्सनल लाइफ के जख्मों को कुरेदा हो. इससे पहले ‘लॉक अप 2’ के प्रीमियर एपिसोड में भी उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया था. उन्होंने बताया था कि सालों पहले उनकी जिंदगी में एक दौर ऐसा भी आया था, जब उनकी गर्लफ्रेंड ने उनके ही सबसे पक्के दोस्त के साथ मिलकर उन्हें धोखा दिया था. उस धोखे ने हर्षद को इस कदर तोड़ दिया था कि वो सालों तक किसी पर भरोसा नहीं कर पाए.


