भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति को समर्पित है गुरुवार का दिन
(आज समाज), नई दिल्ली: गुरुवार का दिन भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति को समर्पित होता है। ऐसे में इस दिन विधि-विधान से पूजा और व्रत करने का खास महत्व होता है। ऐसा करने से जातक पर भगवान विष्णु की विशेष कृपा बनी रहती है।
वहीं, शास्त्रों में गुरुवार के कुछ ऐसे उपाय भी बताए गए हैं जिनसे जीवन के दुखों से छुटकारा मिल सकता है। अगर आप इस दिन तुलसी की मंजरी के कुछ आसान उपाय करें तो इससे पैसों की तंगी दूर हो सकती है और जीवन में सफलता भी मिल सकती है।
जीवन की समस्याएं दूर करने का उपाय
बृहस्पतिवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नानादि करें। इस दिन पीले रंग के वस्त्र धारण करना सबसे उत्तम माना जाता है। इसके बाद, भगवान विष्णु की विधि-पूर्वक पूजा और आरती करें।
इसी दौरान हल्दी और तुलसी की मंजरी उन्हें अर्पित करें। साथ ही ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का 108 बार जाप करें। इस उपाय को करने से जातक को जीवन की समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही, घर में हमेशा सकारात्मकता बनी रहती है।
धन-दौलत में वृद्धि का उपाय
अगर आप पैसों की तंगी से परेशान चल रहे हैं, तो गुरुवार को तुलसी की मंजरी का एक उपाय आजमा सकते हैं। इसके लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। पूजा के समय लक्ष्मीनारायण को तुलसी की मंजरी अर्पित करें।
इसके बाद, शाम के समय पुन: पूजा-पाठ करके तुलसी की मंजरी को मंदिर से उठा लें और एक लाल या पीले रंग के साफ वस्त्र में उसे बांधकर अपनी तिजोरी में रखें। इस पोटली को आप धन रखने वाले स्थान पर रख सकते हैं। ऐसा करने से पैसों की तंगी से निजात मिल सकती है और जीवन में कभी भी धन-दौलत की कमी नहीं होती है।
कारोबार और जीवन में सफलता पाने का उपाय
इसके लिए गुरुवार के दिन भगवान विष्णु के साथ-साथ माता लक्ष्मी की भी विधि-विधान से पूजा करें। साथ ही, उन्हें हल्दी, केसर और तुलसी की मंजरी अर्पित करें। पूजा और आरती करने के बाद एक पीले रंग के साफ वस्त्र में हल्दी, केसर और मंजरी को बांध लें।
अब इस पोटली को अपनी दुकान या कार्यालय के दराज में रख लें। इस उपाय को करने से कारोबार में आ रही समस्याएं दूर होने लगती हैं। साथ ही, करियर और जीवन में सफलता प्राप्त करने के नए मार्ग खुलने लगते हैं व भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर करने का उपाय
इसके लिए गुरुवार व शुक्रवार के दिन एक लोटा जल में थोड़ा सा गंगाजल और तुलसी की मंजरी डालें। इसके बाद, सुबह-सुबह स्नानादि करने के बाद पूरे घर में जल का छिड़काव करें। इस उपाय को करने से जातक के घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होने लगती है। इसकी जगह सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
साथ ही, अगर आप घर में होने वाले झगड़ों से परेशान हैं तो हर गुरुवार और शुक्रवार को यह उपाय जरूर आजमाएं। इससे गृह क्लेश से भी छुटकारा मिल सकता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।