बाहरी उत्तरी जिला के स्वरूप नगर इलाके में पुलिस ने जुआ खेलते किया था गिरफ्तार
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : बाहरी उत्तरी जिला के स्वरूप नगर इलाके में जुआ खेल रहे आम आदमी पार्टी के एक निगम पार्षद जोगिंदर सिंह की गिरफ्तारी से नई राजनीतिक बहस शुरू हो चुकी है। एक तरफ जहां भाजपा ने इसे आप नेताओं का असली चरित्र करार दिया तो वहीं आम आदमी पार्टी ने भाजपा द्वारा पुलिस का दुरुपयोग करना करार दिया है। को गिरफ्तार किया है। ज्ञात रहे कि आप पार्षद को एक नीजि कार्यालय में अन्य छह साथियों के साथ उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वे ताश के पत्तों के साथ जुआ खेल रहे थे।
इस दौरान पुलिस ने मौके से लाखों रुपए कैश और ताश की पत्तियों के दो बंडल भी बरामद किए थे। मामले में पुलिसकर्मी की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने छापेमारी की पुष्टि की है। छानबीन के दौरान पुलिस को 4.35 लाख रुपये, ताश के पत्तों के दो बंडल और अन्य सामान मिले। पूछताछ में पता चला कि निगम पार्षद यहां अन्य लोगों के साथ जुआ खेल रहे थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कार्यालय किसका है और यहां जुआ अड्डा चलाया जा रहा है या नहीं।
आप नेताओं का असली चेहरा आ रहा सामने : सचदेवा
आम आदमी पार्टी के पार्षद जोगिंदर सिंह बंटी की जुआ खेलते व खिलवाते हुए गिरफ्तारी पर भाजपा ने हमला बोला है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सत्ता से हटने के बाद अब आम आदमी पार्टी का असली चेहरा खुलकर सामने आ रहा है। उन्होंने पूछा कि आम आदमी पार्टी क्या इस शर्मनाक घटना की जिम्मेदारी लेगी या हमेशा की तरह इसे भी भाजपा की साजिश बताकर रफादफा करेगी?
भाजपा कर रही है एजेंसियों का दुरुपयोग : आप
स्वरूप नगर से अपने पार्षद जोगिंदर सिंह बंटी की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पलटवार किया है। आप ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को बदनाम करने और दबाव में लाने के लिए किया जा रहा है। आप ने एक बयान में कहा कि पिछले एक दशक में भाजपा ने देश में ऐसा माहौल बना दिया है जहां केंद्रीय एजेंसियां और दिल्ली पुलिस हर दिन राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करती हैं।