नई दिल्ली. देश की राजधानी से सटे राज्य हरियाणा से एक ऐसी घटना सामने आई जिसने दिल दहला दिया. सोनीपत जिले के गोहाना उपमंडल के मुडलाना गांव में शनिवार को एक बेहद दुखद हुई. 38 साल की महिला और उसके तीन छोटे बच्चों की मौत हो गई. इस घटना के पीछे की वजह का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है.
सोनीपत की इस घटना को लेकर शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर अपने तीनों बच्चों की जान लेने के बाद आत्महत्या कर ली. घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब महिला का पति घर पहुंचा. मृतकों की पहचान रीमा (38), उसके बेटे और दो बेटियों के रूप में हुई है. बच्चों की पहचान रिहाना (11), अर्जू (7) और दुष्यंत (4) के रूप में की गई है. रीमा के पति जयदीप पानीपत जिले के एक गांव में सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं.
पुलिस प्रवक्ता एएसआई रविंदर सिंह के मुताबिक, जयदीप शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर लौटे थे. उस समय घर के बाहर कोई मौजूद नहीं था और बच्चे भी गली में दिखाई नहीं दे रहे थे. उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद जब वह घर के अंदर पहुंचे तो परिवार के चारों सदस्यों को मृत पाया. इसके बाद जयदीप ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. देखते ही देखते गांव में खबर फैल गई और परिवार के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद मुडलाना पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस टीम को भी बुलाया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. एएसआई रविंदर सिंह ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाना निर्धारित है. फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रीमा ने यह कदम क्यों उठाया और इस घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं.


