Manipur Militancy: संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने सेना की चौकी को निशाना बनाकर की फायरिंग

0
278
Manipur Militancy
Manipur Militancy: संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने सेना की चौकी को निशाना बनाकर की फायरिंग

Manipur Militancy, (आज समाज), इंफाल: मणिपुर में फौलजांग और गोथोल के पास संदिग्ध हथियारबंद कुकी उग्रवादियों ने गोलीबारी की है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार वारदात बुधवार देर रात की है। उग्रवादियों का निशाना फौगाकचाओ अवांग लीकाई में स्थित भारतीय सेना की एक चौकी थी।

25 मार्च रात 11.40 मिनट की वारदात 

मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया साझा की एक पोस्ट में लिखा, 25 मार्च, 2026 को रात लगभग 11 बजकर 40 मिनट पर संदिग्ध हथियारबंद कुकी उग्रवादियों ने फौलजांग/गोथोल के सामान्य इलाके में गोलीबारी की और अपनी गोलियों का निशाना फौगाकचाओ अवांग लीकाई में स्थित भारतीय सेना की एक चौकी को बनाया।

सेना और सीआरपीएफ ने की जवाबी कार्रवाई 

पुलिस ने कहा कि भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 58वीं बटालियन ने जवाबी गोलीबारी करके तुरंत प्रतिक्रिया दी, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 30 मिनट तक दोनों ओर से गोलीबारी का आदान-प्रदान चलता रहा। अधिकारियों ने कहा कि 26 मार्च सुबह से सेना, सीआरपीएफ मणिपुर पुलिस और भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) ने उस सामान्य इलाके में एक संयुक्त अभियान चलाया जहां गोलीबारी हुई थी। साथ वाले पहाड़ी क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया।

स्थिति पर रखी जा रही लगातार कड़ी निगरानी

पुलिस ने बताया कि स्थिति पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है, और सुरक्षा बल आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अपना अभियान जारी रखेंगे। अधिकारियों ने सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए कहा, नागरिकों से अनुरोध है कि वे अफवाहें फैलाने से बचें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच कर लें।

छह बंकर ध्वस्त, एक गिरफ्तार

मणिपुर में इससे पहले, सुरक्षा बलों ने पटसोई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले पटसोई इलाके से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई के नेतृत्व वाला गुट) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया था और इंफाल पश्चिम जिले में अवैध रूप से बनाए गए छह बंकरों को ध्वस्त कर दिया था। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। सुरक्षा बल विभिन्न जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और ‘एरिया डोमिनेशन’ (क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने) का कार्य लगातार जारी रखे हुए हैं।

ये भी पढ़ें : Manipur Violence Update: मणिपुर में नई सरकार गठन के बाद हिंसा भड़की

  • TAGS
  • [post_tags]