नई दिल्ली. बिहार के भागलपुर से एक बड़ा ही हैरान करने वाली खबर सामने आई है. पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आर्म्स एक्ट का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. यह घटना एकदम के फिल्मी लग रही है क्योंकि ऐसे ही आरोपियों को कई बार भागते देखा गया है. आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और उफनती चांदन नदी में छलांग लगा दी.
घटना 25 सितंबर 2026 की बताई जा रही है, जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर घाट की यह घटना है. पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि कजरैली थाना क्षेत्र के मोदीपुर निवासी संतोष यादव के पास हथिया है. सैदपुर घाट के आसपास वो किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले हैं. सूचना मिलने के बाद तुरंत ही पुलिस हरकत में आई और सादे कपड़ों में इलाके की घेराबंदी की दी. जाल बिछाकर संतोष यादव को पुलिस ने पकड़ लिया.
चकमा देकर भागा आरोपी
पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया कि जब आरोपी की तलाशी की गई तो उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ. संतोष को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद पुलिसकर्मी आरोपी को पैदल नदी के दूसरे छोर पर खड़ी सरकारी गाड़ी तक ले जा रहे थे. रास्ते में पुलिस टीम और आरोपी बांस से बने चचरी पुल पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि चचरी पुल के बीच में पहुंचते ही संतोष यादव ने अचानक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और नदी में छलांग लगा दी. आरोपी के अचानक कूदने से उसे पकड़कर चल रहा सिपाही भी संतुलन खो बैठा और नदी में गिर गया. चांदन नदी में इस समय तेज बहाव था. सिपाही ने किसी तरह तैरकर खुद को सुरक्षित बाहर निकाला.
संतोष यादव पानी के तेज बहाव के साथ आगे निकल गया और पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है और उसे जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर घटना को लेकर कुछ गलत दावे भी प्रसारित किए जा रहे हैं.


