Covid Today Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामलों का बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर आज सुबह आठ बजे तक दी गई जानकारी के अनुसार भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 6133 हो गई है जिनमें से केरल में सबसे ज्यादा 1950 केस हैं। आज सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे में छह कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं जनवरी-2025 से देश में कोरोना के कारण मौतों का आंकड़ा 65 हो गया है।
रोज देश में लगभग 400 नए दर्ज किए जा रहे
देश में प्रतिदिन कोरोना के लगभग 400 नए दर्ज किए जा रहे हैं और इस दौरान कोविड के पांच से छह मरीजों की जान जा रही है। केरल जहां कोविड के सबसे ज्यादा केस हैं, शनिवार को राज्य में कोविड के तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं कर्नाटक में दो और तमिलनाडु में कोरोना से एक व्यक्ति की जान चली गई।
30 मई तक देश में थे 2710 मामले
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए डेटा के मुताबिक बीते 9 दिन में देश में कोरोना के मामलों में 3,423 का इजाफा हुआ, वहीं इस दौरान 58 इस महामारी के कारण काल का ग्रास बन गए। बता दें कि पिछले महीने 30 मई तक देश में कोविड-19 के 2,710 सक्रिय मामले थे और इसके कारण 7 मौतें हुई थीं।
केरल/महाराष्ट्र: अस्पतालों में मास्क लगाना अनिवार्य
केरल में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीजों के चलते प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को जून 2023 की कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में सभी के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया वहीं खांसी, जुकाम व बुखार के लक्षण वाले मरीजों का कोरोना का टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक राज्य में जनवरी से अब तक कोरोन से मृतक संख्या 17 है। इनमें से 16 दूसरी बीमारियों से भी पीड़ित थे।
गुजरात/सिक्किम : 508 कोविड मरीज, 18 अस्पताल में भर्ती
गुजरात में 508 कोविड मरीजों में से 18 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 490 होम आइसोलेशन में अपना उपचार करवा रहे हैं। प्रदेश स्वास्थ्य विभगा के मुताबिक आमतौर पर छह या आठ माह में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जाती है और इससे डरने की जरूरत नहीं है। सिक्किम में 29 मई से अब तक 526 टेस्ट किए गए जिनमें से 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
हिमाचल : अस्पतालों में सभी के लिए मास्क अनिवार्य
हिमाचल प्रदेश में कोरोना का पहला मामला आने बाद 4 जून से अस्पतालों में सभी के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। सिरमौर जिले के नाहन में 3 जून को पहला मामला सामने आया था।
उत्तराखंड सरकार ने जिला प्रशासन से अस्पतालों में आॅक्सीजन व जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सांस से जुड़े गंभीर संक्रमण, इन्फ्लूएंजा जैसे रोगों व कोविड मामलों की रिपोर्टिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: देश में कोविड-19 के मामले 5755 हुए, अब तक 59 लोगों की मौत