Chandrayaan-3 के लैंडर ‘विक्रम’ से बाहर आया ‘रोवर प्रज्ञान’, सामने आई पहली तस्वीर, उपलब्धि के लिए दुनियां में भारत की वाहवाही

0
370
Chandrayaan-3
चंद्रयान-3 के लैंडर से बाहर आने के बाद रोवर की पहली तस्वीर

Aaj Samaj (आज समाज), Chandrayaan-3, बेंगलुरु: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) विक्रम से रोवर प्रज्ञान बाहर निकल आया है और चांद की सतह पर घूम रहा है। लैंडर के चांद के दक्षिण ध्रुप पर उतरने के करीब 14 घंटे बाद आज सुबह रैंप पर लैंडर से बाहर आते रोवर की पहली तस्वीर भी सामने आई है। इनस्पेस के चेयरमैन पवन के गोएनका ने सुबह यह जानकारी दी है। उन्होंने इस तस्वीर को शेयर किया है। मिशन के लैंडर विक्रम ने कल शाम तय समय के अनुसार 6:04 बजे चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा। अमेरिका, रूस और चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है। वहीं चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है।

रोवर प्रज्ञान का बाहर आना एक और सफलता : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विक्रम लैंडर से रोवर प्रज्ञान के सफलता पूर्वक बाहर आने पर इसरो को बधाई दी। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट में कहा, मैं विक्रम लैंडर से रोवर प्रज्ञान के सफलतापूर्वक बाहर आने पर एक बार फिर इसरो की टीम के साथ देशवासियों को भी बधाई देती हूं। विक्रम की लैंडिंग के कुछ घंटों बाद इसका बाहर आना चंद्रयान 3 के एक और चरण की सफलता को दर्शाता है।

अमेरिका सहित कई देशों ने खबर को प्रमुखता से लगाया

चंद्रयान-3 के लैंडर के चांद की सतह पर पहुंचने पर भारत की दुनिया में वाहवाही हो रही है। सफलता को विश्वभर के मीडिया ने प्रमुखता से स्पेस दिया। हालांकि पड़ोसी पाकिस्तान के मीडिया में चंद्रयान-3 लीड खबर नहीं बनाया गया है,  जो उसकी छोटी सोच को दर्शाता है। न्यूयॉर्क टाइम्स, बीबीसी, द गार्डियन आदि ने चंद्रयान-3 की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने दक्षिण अफ्रीका गए हैं और वहां ब्रिक्स देशों ने उन्हें कामयाबी के लिए बधाई दी है। अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने भी चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई दी।

यूट्यूब चैनल पर वियूर्स का रिकॉर्ड

इसरो के लाइव स्ट्रीमिंग लिंक ने भी यूट्यूब पर इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 के लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग को 8.06 मिलियन लोगों ने एक साथ देखा, जिसने यूट्यूब इतिहास के सभी कीर्तिमानों को ध्वस्त कर दिया। यूट्यूब पर अबतक ब्राजील बनाम द. कोरिया के फुटबॉल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग ही सबसे अधिक 6.15 मिलियन लोगों ने एक साथ देखी थी। वहीं, तीसरे नंबर पर ब्राजील बनाम क्रोएशिया का फुटबॉल मैच है, जिसे 5.2 मिलियन लोगों ने एक साथ देखा था।

मिशन से लोगों को होंगे कई फायदे

चंद्रयान-3 के मिशन से लोगों को कई फायदे होने वाले हैं। चांद पर पानी की खोज से लेकर वहां की मिट्टी की जांच तक, सभी महत्वपूर्ण जानकारियां हमें हमारे मिशन के जरिए मिल सकेगी। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने चंद्रयान को लेकर कहा कि चंद्रयान-3 के निष्कर्षों और इनपुट्स से पूरे विश्व समुदाय को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा में सफलापूर्वक प्रवेश कराने के लिए मिशन चंद्रमा बहुत सटीक तरीके से क्रियान्वित किया गया है।

जानिए क्या करेंगे रोवर प्रज्ञान में भेजे गए तीनों पेलोड

विशिष्ट तकनीक ने इस बार चंद्रयान-3 अभियान को सफल बनाया है। चंद्रयान की लैंडिंग के बाद रोवर प्रज्ञान में भेजे गए तीनों पेलोड पेलोड में से पहला चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की मिट्टी और चट्टान का अध्ययन करेगा। दूसरा पेलोड रासायनिक पदार्थों और खनीजों का अध्ययन करेगा। वहीं, तीसरा पेलोड ये देखेगा कि चंद्रमा पर जीवन की क्या और कितनी संभावना है। पृथ्वी से इसकी कोई समानता है भी कि नहीं।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE