(Bhiwani News) भिवानी। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने हरियाणा में संगठनात्मक विस्तार करते हुए भिवानी बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट राजनारायण पंघाल को हरियाणा प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति रालोद के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक चौधरी जगजीत सिंह सांगवान द्वारा की गई है, जिन्होंने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला है। एडवोकेट पंघाल को यह जिम्मेदारी उनके दो दशक से अधिक के कानूनी अनुभव, अंतराष्ट्रीय खेल प्रेरक तथा सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय और समर्पित भूमिका को देखते हुए सौंपी गई है। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्र सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी में नियुक्त सभी नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
संगठन में अहम जिम्मेदारियां देकर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह सांगवान ने कहा कि समाज में सकारात्मक छवि रखने वाले, शिक्षित और संवेदनशील व्यक्तियों को संगठन में अहम जिम्मेदारियां देकर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। हमें विश्वास है कि ये सभी मिलकर हरियाणा में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह तेवतिया जी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
एडवोकेट राजनारायण पंघाल ने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जगजीत सिंह सांगवान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, समर्पण और संगठन के मूल सिद्धांतों के साथ निभाऊंगा। हमारा उद्देश्य प्रदेश के मतदाताओं को रालोद की नीतियों से जोडऩा और जन-आकांक्षाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना है।
यह भी पढ़े : Fire Safety Demo : नागरिक अस्पताल में फायर सेफ्टी को लेकर हुआ डेमो