Bhiwani News : भगवान परशुराम ने हमेशा अन्याय के विरुद्ध शस्त्र उठाकर धर्म की रक्षा की: डॉ अरविंद शर्मा

0
86
Bhiwani News : भगवान परशुराम ने हमेशा अन्याय के विरुद्ध शस्त्र उठाकर धर्म की रक्षा की: डॉ अरविंद शर्मा
बहल में भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह को संबोधित करते सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा।
  • 30 मई को रोहतक के पहरावर में भगवान परशुराम जयंती का दिया न्यौता
  • परशुराम धर्मशाला लोहारू व ब्राह्मण संगठन बहल को स्वैच्छिक कोष से 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा की

(Bhiwani News) लोहारू। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने हमेशा समाज में अन्याय के विरुद्ध शस्त्र उठाकर धर्म की रक्षा की और जनमानस को भय से मुक्ति दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि आज देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार दुश्मन के घर मे घुसकर दंड देती है, क्योंकि धर्म की रक्षा व आतंक के खात्मे के लिए यह आवश्यक है।

अरविंद शर्मा बुधवार को ब्राह्मण संगठन हलका लोहारू द्वारा बहल स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे थे। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का ब्राह्मण संगठनों द्वारा रोड शो व पुष्प-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया व पगड़ी बांधी। भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प-अर्पित करने उपरांत आमजन को संबोधित करते हुए डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के विचार व आदर्श हमें समाज व देश को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार ने सन्त-महापुरुषों के सम्मान व उनके विचार प्रसार को बढ़ावा दिया

उन्होंने कहा कि निर्बल की सहायता व अन्याय के विरुद्ध कड़ा प्रतिकार करते हुए भगवान परशुराम ने हमेशा समाज मे जनकल्याण की भावना से समाज को सशक्त बनाया। उनके धैर्य, बुद्धि, तर्कशीलता, संयम, बल आदि गुणों की बदौलत सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व की झलक मिलती है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार ने सन्त-महापुरुषों के सम्मान व उनके विचार प्रसार को बढ़ावा दिया है।

इसी क्रम में आगामी 30 मई को रोहतक के पहरावर में भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें सर्व समाज, 36 बिरादरी मिलकर अपनी भागीदारी करेगा और प्रदेश के कोने-कोने से जनसैलाब उमड़ेगा।

पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज का 538 करोड़ रुपए से निर्माण हुआ

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भगवान परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश की व्यवस्था की। वर्तमान में भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज का 538 करोड़ रुपए से निर्माण हुआ है, इसी प्रकार कैथल में 600 करोड़ रुपए की लागत से भगवान परशुराम राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण चल रहा है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम धर्मशाला लोहारू व भगवान परशुराम धर्मशाला बहल में विकास कार्यों के लिए 11-11 लाख रुपए अपने स्वैच्छिक कोष से देने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें : Bhiwani News : लोहारू क्षेत्र में हल्की बरसात से मौसम हुआ सुहावना, बरसात कपास की अगेती फसल के लिए होगी फायदेमंद