आप नेता संजय सिंह ने की गठबंधन से अलग होने की घोषणा
Delhi News Today (आज समाज), नई दिल्ली : शुक्रवार देर शाम को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने घोषणा की कि अब उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। यही नहीं आप नेता ने इस गठबंधन और इसमें कांग्रेस की भूमिका पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया। ज्ञात रहे कि आप ने गठबंधन से उस समय किनारा किया है जब सोमवार को संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है और इस सत्र के लिए रणनीति बनाने के लिए इंडिया गठबंधन की आज शनिवार को अहम बैठक होने जा रही है।
लोकसभा चुनाव से पहले हुआ था गठबंधन
ज्ञात रहे कि इंडिया गठबंधन का गठन लोकसभा चुनाव से ठीक पहले किया गया था। उस समय आम आदमी पार्टी ने भी इस गठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला लिया था। लेकिन सीटों को लेकर आप और कांग्रेस में लगातार गतिरोध बना रहा। जिसका खामियाजा दोनों दलों को चुनाव परिणाम के दौरान हार के रूप में देखने को मिला। अब संजय सिंह ने कांग्रेस पर विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करने में उसकी भूमिका पर सवाल उठाया।
उन्होंने पूछा, यह बच्चों का खेल नहीं है। क्या लोकसभा चुनाव 2024 के बाद उन्होंने कोई बैठक की? क्या इंडिया गठबंधन के विस्तार की कोई पहल हुई? कभी वे अखिलेश यादव की आलोचना करते हैं, कभी उद्धव ठाकरे की, तो कभी ममता बनर्जी की। इंडिया ब्लॉक को एकजुट रहना चाहिए था। कांग्रेस इस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन क्या उसने विपक्षी एकता सुनिश्चित करने में कोई भूमिका निभाई?
गुजरात उपचुनाव के दौरान सामने आए मतभेद
गुजरात में विसावदर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद, केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भाजपा ने उनकी पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस को भेजा था। संजय सिंह ने कहा, आम आदमी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 के लिए था। हमने दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा। हम बिहार (विधानसभा) चुनाव अकेले लड़ने जा रहे हैं। हमने पंजाब और गुजरात में उपचुनाव अपने बूते लड़ा। आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हम लोकसभा में जोरदार तरीके से मुद्दे उठाएंगे। हमने हमेशा एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : आप लीडरशिप पूरी तरह हताश : वीरेन्द्र सचदेवा