15 August Special: 15 अगस्त को 5 और देश भी मनाते हैं स्वतंत्रता दिवस, भारत की आजादी की 76वीं वर्षगांठ, 77वां दिवस

0
262
15 August Special
15 अगस्त को पांच और देश भी मनाते हैं स्वतंत्रता दिवस

Aaj Samaj (आज समाज), 15 August Special, नई दिल्ली: 15 अगस्त को अपनी आजादी का जश्न मनाने वाला केवल भारत ही अकेला देश नहीं है। इसके अलावा पांच अन्य भी ऐसे देश हैं, जो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं। इन देशों में रिपब्लिक आफ कॉन्गो, उत्तर और दक्षिण कोरिया, लिकटेंस्टीन और बहरीन शामिल हैं। अफ्रीका महाद्वीप के मध्य में बसे कॉन्गो को भारत की आजादी के 13 साल बाद 15 अगस्त, 1960 को आजादी मिली। कॉन्गो एक लोकतांत्रिक देश है और 1880 से लेकर आजादी तक यहां पर फ्रांस का कब्जा था।

कॉन्गो अफ्रीका महाद्वीप का तीसरा सबसे बड़ा देश

क्षेत्रफल के हिसाब से कॉन्गो अफ्रीका महाद्वीप का तीसरा सबसे बड़ा देश है। उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया दोनों हर साल 15 अगस्त को कोरिया के राष्ट्रीय मुक्ति दिवस के रूप में मनाते हैं। दरअसल, इसी दिन द्वितीय विश्व युद्ध के अंत में कोरिया पर 35 वर्षों के जापानी कब्जे और औपनिवेशिक शासन का अंत हुआ था। आजादी के तीन साल बाद कोरिया उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया में विभाजित हो गया। दक्षिण कोरिया में, इस दिन को ‘ग्वांगबोकजेओल’ (जिसका अर्थ है, जिस दिन रोशनी लौटी) के नाम से जाना जाता है, जबकि उत्तर कोरिया में इसे ‘चोगुखेबांगुई नाल’ (जिसका अर्थ है, पितृभूमि की मुक्ति का दिन) के रूप में जाना जाता है।

दुनिया का छठा सबसे छोटा देश लिकटेंस्टीन

दुनिया का छठा सबसे छोटा देश लिकटेंस्टीन भी 15 अगस्त को अपना राष्ट्रीय दिवस मनाता है। आॅस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड के बीच यूरोपीय आल्प्स में स्थित यह देश 1866 में जर्मन शासन से आजाद हुआ था और 1940 से यहां 15 अगस्त को राष्ट्रीय दिवस मनाया जा रहा है। पांच अगस्त, 1940 को ही लिकटेंस्टीन सरकार ने 15 अगस्त को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय छुट्टी घोषित की थी। बहरीन पर 15 अगस्त, 1971 को ब्रिटिश औपनिवेशिक का शासन खत्म हुआ था। हालांकि, यह देश इस दिन अपना स्वतंत्रता दिवस नहीं मनाता। दिवंगत शासक ईसा बिन सलमान अल खलीफा के सिंहासन पर चढ़ने के उपलक्ष्य में इस देश में 16 दिसंबर को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

भारत का पहला स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 1947

आजाद भारत का इस वर्ष 77वां स्वतंत्रता दिवस होगा। आजादी के इस बार 76 साल पूरे हुए हैं, इसलिए वर्षगांठ 76वीं होगी। पहली बार 15 अगस्त 1947 को देश के आजाद होने पर झंडा फहराया गया था। तकनीकी रूप से देश का पहला स्वतंत्रता दिवस इसी दिन था। इसके बाद 15 अगस्त 1948 को भारत का दूसरा स्वतंत्रता दिवस और पहली वर्षगांठ थी। इस हिसाब से 15 अगस्त 2023 को आजादी की 76वीं वर्षगांठ और 77वां स्वतंत्रता दिवस होगा। इस साल की थीम ‘नेशन फर्स्ट, आलवेज फर्स्ट’ है। हर साल की तरह इस बार भी देश के प्रधानमंत्री लाल किले की प्रचीर से देश के नाम संबोधन करेंगे।

यह भी पढ़ें :  

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE