यमुनानगर : होटल में सो रहा था सर्राफ व्यापारी, कारीगर 350 ग्राम सोना व कार लेकर फरार

0
371
Jewelery worth lakhs of rupees stolen

प्रभजीत सिंह (लक्की), यमुनानगर :
शहर के एनजी पैराडाइस होटल में ठहरे सर्राफ व्यापारी का 350 ग्राम सोना व इनोवा कार उसी का कारीगर लेकर चंपत हो गया। आरोपी कारीगर व्यापारी के साथ ही यहां आया था और होटल में भी साथ सो रहा था। रात दो बजे जब व्यापारी की आंख खुली तो उसे सोना, कारीगर व कार गायब मिले। पुलिस ने आरोपी कारीगर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है। मोहाली के फेस 5 निवासी संजय कुमार ने बताया कि उसकी सोने की ज्वेलरी बेचने का काम है। मंगलवार को वह अपने व्यापार के सिलसिले से इनोवा कार से यमुनानगर आया था। उसके पास लगभग 350 ग्राम सोना भी था। उसके साथ उसका कारीगर पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव टैंडरी निवासी हरविन्द्र सिंह भी आया था। रात होने पर वह अपने कारीगर के साथ शहर  के एनजी पैराडाइस होटल में ठहरा हुआ था।

रात को खाना खाकर करीब दस बजे वो और उसका कारीगर हरविंद्र कमरे में जाकर सो गए। रात करीब दो बजे उसकी आंख खुली। उसने देखा कि उसका कारीगर हरविंद्र वहां नहीं था। जब उसने अपने सोने की जांच की तो उसका 350 ग्राम सोना व कार की चाबी भी गायब थी। पहले तो उसने होटल में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। जब नीचे जाकर देखा तो उसकी इनोवा कार भी गायब थी। उसने आरोपी हरविंद्र सिंह को फोन किया तो उसका नंबर भी बंद आया। आरोप है कि उसका कारीगर हरविंद्र सिंह उसका 350 ग्राम सोना व उसकी कार चोरी करके ले गया। चोरी हुए गहनों व कार की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। इसकी सूचना सरार्फ व्यापारी ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी कारीगर हरविंद्र सिंह के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

SHARE