यमुनानगर: किसान नेता राकेश टिकैत गांव रंजीतपुर (बिलासपुर) में एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे : सुभाष गुर्जर

0
438
radaur
radaur

प्रभजीत सिंह लक्की,यमुनानगर:
 भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने मंगलवार को रादौर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 9 अगस्त को किसान संसद का आखिरी दिन था। सभी किसानों और महिला किसानों ने भी सांसद बनकर इसमें बढ़ चढ़कर भाग लिया। अहंकारी और तानाशाही सरकार का रवैया किसानों के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि 26 अगस्त को आंदोलन को 9 महीना पूरे होने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता व देश के बहुत बड़े किसान नेता राकेश टिकैत, रंजीतपुर (बिलासपुर) में एक किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। उनके साथ महापंचायत में प्रदेश अध्यक्ष रतनमान सहित प्रदेश स्तरीय नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत से मिलकर यह पंचायत रखी गई है। महापंचायत को लेकर किसानों में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि राकेश टिकैत 12 अगस्त को कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र करनाल और कैथल जिला के कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक भी लेंगे। वह 26 अगस्त को रंजीतपुर (यमुनानगर) तथा 29 अगस्त को नूह मेवात में एक किसान महापंचायत को भी संबोधित करेंगे। यह पंचायतें 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में किसान ललकार रैली की तैयारियों के लिए की जा रही है। जो उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मिशन होगा।

उन्होंने बताया कि 5 सितंबर के बाद अहंकारी और तानाशाही भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। धमकी भरे कार्टून का करारा जवाब देते हुए सुभाष गुर्जर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो कार्टून राकेश टिकैत का जारी किया है कि राकेश टिकैत को लखनऊ में बढऩे नहीं दिया जाएगा। भाजपा के नेता अपनी मानसिकता को खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश का किसान राकेश टिकैत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हैं।  जिस दिन भी राकेश टिकैत का ऐलान लखनऊ कुच करने का होगा तो पूरे देश का किसान लखनऊ कुच करेगा। आने वाले समय में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा के नेता तिरंगे की आड़ में किसान आंदोलन को बदनाम करना चाहते हैं। तिरंगा यात्रा निकालने का ढोंग रच रहे हैं, लेकिन किसान वर्ग तिरंगे झंडे का सम्मान करते हैं। 15 अगस्त को संयुक्त किसान मोर्चा यमुनानगर में अनाज मंडी जगाधरी में इक_ा होकर किसान मजदूर सम्मान तिरंगा यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा पूरे शहर में निकाली जाएगी। इस अवसर पर कर्णवीर सलेमपुर जिला महासचिव, सुभाष शर्मा सबीलपुर उपाध्यक्ष सढ़ौरा, नजीर खान जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक, मोइनुद्दीन बुड्डी, जगतार सिंह रानीपुर, जनक पांडो युवा प्रधान  सुभाष चमरोडी आदि मौजूद रहे।

SHARE