यमुनानगर : भूमि बेचने के नाम की धोखाधड़ी कर हड़पे 18 लाख

0
351
fraud
fraud

प्रभजीत सिंह (लक्की), यमुनानगर :

रादौर में एक व्यक्ति को 7 एकड़ भूमि बेचने के नाम पर धोखाधड़ी की नियत से भूमि का इकरारनामा लिखवाकर एक व्यक्ति ने 18 लाख रुपए हड़प लिए। आरोप है कि लाखों रुपए का इकरारनामा करवाए जाने के बावजूद न तो भूमि की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही इकरारनामे के तौर पर ली गई लाखों रुपए की राशि वापिस की गई। लाखों रुपए की राशि वापिस मांगने पर प्रभावित व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी गई। जिस पर पुलिस ने प्रभावित व्यक्ति की शिकायत पर जालसाजी को अंजाम देने वाले व्यक्ति के विरूद्ध मामला दर्ज किया है। गांव मंधार निवासी दलेल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग 2 वर्ष पहले 2019 में राजेंद्र कंबोज निवासी लक्सीबांस उसे बस स्टैंड रादौर के पास मिला। उसने उसे बताया कि गांव बहेडी, तहसील शहजादपुर, जिला अंबाला में 7 एकड़ भूमि है। जोकि काफी महंगे रेट की जमीन है। उसे 51 लाख रूपए प्रति एकड़ के हिसाब से भूमि दिलवाने बारे कहा गया। राजेंद्र ने उसे बताया कि उपरोक्त भूमि का प्रति एकड़ 80 लाख रुपए में खरीदने के लिए ग्राहक है। उसे रुपयों की सख्त जरूरत है। यदि वह उसे 18 लाख रुपए उधार तौर पर या जमीन में हिस्सा डाल ले तो वह 15 से 20 दिनों में उसे बड़ा मुनाफा दिलवा सकता है। जिसके बाद उसने एचडीएफसी बैंक रादौर से 6 लाख रुपए व 2 लाख रुपए नगद के अलावा 10 लाख रुपए इसी बैंक से उसे दिए। इस दौरान राजेंद्र ने भूमि का इकरारनामा उसके नाम लिखवाया। परंतु असली इकरारनामा उसने अपने पास रख लिया। 2 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक न तो भूमि की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही लाखों रूपए की राशि वापिस की गई। 4 मई 2021 को दोपहर 2 बजे उसने राजेंद्र को फोन किया कि उसकी राशि उसे वापिस की जाए। लेकिन राजेंद्र ने उसकी राशि वापिस करने की बजाय उसके नाम सुसाईड नोट लिखकर आत्महत्या करने की धमकी उसे दी। जिसके बाद उसने इस बारे थाना रादौर में एक शिकायत दी। जिसके बाद राजेंद्र कुमार उसे मिला और उसकी राशि उसे लौटाने की बात कही। जिस पर वह राजी हो गया। राजेंद्र कुमार ने 30 मई को उसे अपने बैंक खाते से 10 लाख रुपए का चेक उसे दिया। 31 मई को जब वह उस चेक को कैश करवाने के लिए गया तो उसे पता चला कि राजेंद्र ने अपना बैंक खाता बंद करवा दिया गया। रकम वापिस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेंद्र कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

SHARE