
रिपोर्ट- अमेरिका से बातचीत को ईरान तैयार
Iran US Israel War, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। उनके मुताबिक, दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर चर्चा की। खास तौर पर होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने की अहमियत पर जोर दिया गया।
खामेनेई ने ईरान की शर्तों के अनुसार युद्ध जल्द खत्म करने पर जताई सहमति
दूसरी तरफ खबर है कि ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार है। खामेनेई ने युद्ध को ईरान की शर्तों के अनुसार जल्द खत्म करने पर सहमति जताई है। अल अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ को गुप्त रूप से बताया कि सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने वार्ता के लिए अनुमति दी है।
15 मुद्दों पर सहमति बनी, ट्रम्प ने ईरान पर हमला 5 दिन के लिए टाला
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया बातचीत के बाद 15 मुद्दों पर सहमति बनी है। इन मुद्दों की पूरी लिस्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले 5 दिन के लिए टाल दिए, जबकि इससे पहले होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे की चेतावनी दी थी। वहीं ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। वहीं, पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये के साथ मिलकर ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है।
होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़े एलपीजी टैंकर
पाइन गैस एलपीजी कैरियर के होर्मुज स्ट्रेट पार करने के विजुअल सामने आए हैं। जग वसंत और पाइन गैस नाम के दो भारतीय एलपीजी टैंकर, जिनमें कुल 92,612.59 मीट्रिक टन एलपीजी है, सुरक्षित तरीके से होर्मुज से गुजर चुके हैं। जग वसंत पर 33 और पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं। दोनों जहाज अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं और इनके 26 से 28 मार्च 2026 के बीच भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Supreme Court On Surrogacy: कौन दंपति पैरंट्स बन सकते हैं, यह सरकार तय नहीं कर सकती

