World News: रूस के साइबेरिया क्षेत्र में एक एंटी प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में लैब कर्मचारी की मौत के बाद प्लेग फैलने की खबर से हड़कंप मच गया। सरकारी न्यूज एजेंसी TASS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना इरकुत्स्क के पास शेलेखोव स्थित एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में हुई।
200 कर्मचारी क्वारंटीन
रूस की संघीय स्वास्थ्य निगरानी एजेंसी रोस्पोट्रेबनादजोर ने कहा है कि मृतक कर्मचारी को अज्ञात कारणों वाला निमोनिया था। प्लेग की आशंका के मद्देनजर लैब में काम करनेवाले करीब 200 कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है।
निमोनिया होने का दावा
जानकारी के मुताबिक, लैब में काम करने वाली को निमोनिया हुआ था। निमोनिया का असर लगातार बढ़ता गया और उसकी मौत हो गई। दरअसल, इरकुत्स्क के पास शेलेखोव स्थित एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट दुनिया की सबसे ज्यादा जानलेवा और संक्रामक बीमारियों के बारे में रिसर्च करके पता लगाता है।
पैनिक न होने की अपील
घटना के बाद स्थानीय एंटी-एपिडेमिक परिषद की आपात बैठक हुई। इरकुत्स्क के गवर्नर इगोर कोबजेव ने लोगों से पैनिक में नहीं आने की अपील की। कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के एक निवासी में बेहद खतरनाक संक्रमण का संदिग्ध मामला सामने आने के बाद बैठक बुलाई गई थी।
संपर्क में आए लोगों निगरानी
रोस्पोट्रेबनादज़ोर को लीड कर रहे गेनाडी ओनिशचेंको ने आशंका जाहिर की कि साइबेरियन पैथोजन शायद प्लेग नहीं था। जिन लोगों के करीबी संपर्क में लोग आए हैं, वे मेडिकल देखरेख में हैं। फिलहाल उनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं और उनके लैब टेस्ट के नतीजे नेगेटिव हैं।
क्या होता है प्लेग?
प्लेग, Yersinia pestis नामक बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है। इसका एक प्रकार न्यूमोनिक प्लेग है, जो श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है और संक्रमित व्यक्ति की सांस या खांसने से निकलने वाले ड्रॉपलेट के जरिए दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और खांसी शामिल हैं।


