Flydubai Incident News: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुई गंभीर घटना के बाद इजरायल ने विमानन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायल आने-जाने वाली इजरायली और विदेशी एयरलाइंस की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया, जिसमें विमान के दो पायलटों के बीच मारपीट हुई और एक पायलट ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। आपातकालीन लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित रहे। सऊदी अरब में कई घंटे रुकने के बाद यात्रियों को दूसरे विमान से इजरायल वापस भेजा गया।
फ्लाइट को सऊदी अरब में उतारा गया
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। विमान में 170 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में इजरायली नागरिक थे। उड़ान के दौरान विमान से आपातकालीन संकेत मिलने के बाद इसे सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि विमान के फ्लाइट डेक में एक घटना हुई थी और चालक दल ने स्थिति को कंट्रोल करने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से डायवर्ट कर दिया। एयरलाइन ने यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है।
पायलटों के बीच विवाद के बाद बिगड़ी स्थिति
इजरायली अधिकारियों के मुताबिक विमान में सवार एक पायलट ने दूसरे पायलट पर हमला किया और विमान को नीचे लाने की कोशिश की। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने घटना को गंभीर सुरक्षा मामला बताया। उनके अनुसार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में हस्तक्षेप कर स्थिति को कंट्रोल करने में मदद की। विमान की ऊंचाई में भी अचानक गिरावट दर्ज की गई। विमान करीब 33,000 फीट से लगभग 17,000 फीट तक तेजी से नीचे आया। इसके बाद विमान ने सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंडिंग की। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना के बाद इजरायल ने बढ़ाई विमानन सुरक्षा
घटना के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सुरक्षा प्रतिष्ठान को संभावित अतिरिक्त खतरों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। इजरायल आने और वहां से जाने वाली उड़ानों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा। यह निर्देश इजरायली और विदेशी दोनों एयरलाइंस पर लागू होगा। घटना के शुरुआती चरण में संभावित हाईजैक की आशंका के कारण इजरायल ने लड़ाकू विमानों को भी सक्रिय किया था। बाद में उपलब्ध जानकारी से संकेत मिला कि विमान के कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई झड़प से स्थिति पैदा हुई थी। मामले की जांच अभी जारी है।


