Tibet-Nepal Flood News: नेपाल में तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद भोटे कोशी नदी में अचानक भीषण बाढ़ आ गई, जिससे नेपाल में तबाही का मंजर देखने को मिला। बाढ़ के चलते 1000 से ज्यादा लोगों के बहने की खबर सामने आई है। इसके अलावा कई गांवों और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र रसुवा जिले के स्याफ्रुबेसी और टिमुरे बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने हालात को गंभीर बताते हुए नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।बाढ़ का असर भोटे कोशी नदी के आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा है।
भोटे कोशी नदी के किनारे बढ़ा खतरा
रसुवा के जिला प्रशासक नरेंद्र परियार के अनुसार बाढ़ के तेज बहाव में गांवों और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के बह जाने की सूचना मिली है। इस बाढ़ में हजारों लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने भोटे कोशी नदी के किनारे बसे लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाढ़ का पानी बढ़ने की स्थिति में जान-माल की क्षति को कम किया जा सके।
भोटेकोसी नदी रसुवामा तिब्बत तर्फबाट ठुलो बाढी प्रवेश गरेकोले अर्को सूचना नआउँदासम्म त्रीशुली नदीको तटिय क्षेत्रका जिल्लाहरु नुवाकोट, धादिङ, चितवन, गोरखा लगायतका स्थानहरूमा उच्च सतर्कता सहित सुरक्षित स्थानमा रहन अनुरोध छ। pic.twitter.com/Zun6icZZCM
— Nepal Police (@NepalPoliceHQ) August 26, 2026
राहत और बचाव अभियान तेज
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए सुरक्षा बलों और आपदा प्रतिक्रिया टीमों को भेजने की जानकारी दी है। पुलिस और सेना के जवान भी राहत अभियान में जुटे हैं। सरकार की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और हालात पर लगातार नजर रखने की अपील की गई है। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट हुआ तबाह !
बाढ़ की चपेट में आने वाले क्षेत्रों में कई बुनियादी ढांचा और हाइड्रोपावर परियोजनाओं के स्थल भी शामिल बताए जा रहे हैं। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में नदियों पर बड़ी संख्या में जलविद्युत परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, ऐसे में अचानक आई बाढ़ से निर्माण और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुआ है। अधिकारियों की ओर से अभी नुकसान का विस्तृत आकलन नहीं किया गया है। बाढ़ का पानी कम होने के बाद प्रभावित परियोजनाओं और संपत्तियों को हुए नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
पिछले साल भी आई थी विनाशकारी बाढ़
भोटे कोशी नदी में पिछले साल भी विनाशकारी बाढ़ आई थी। उस घटना में नौ लोगों की मौत हुई थी, जबकि 24 लोग लापता हो गए थे। बाढ़ के कारण नेपाल और चीन को जोड़ने वाला ‘फ्रेंडशिप ब्रिज’ भी बह गया था, जिससे कई महीनों तक परिवहन और व्यापार प्रभावित रहा। क्षेत्रीय जलवायु निगरानी से जुड़े एक संगठन के अनुसार, पिछले साल की बाढ़ की वजह तिब्बत में एक ग्लेशियर से जुड़ी झील के अचानक खाली होने को माना गया था।
भारत तक पहुंचता है इस नदी का पानी
भोटे कोशी नदी तिब्बत से निकलती है और नेपाल में आगे जाकर त्रिशूली नदी में मिलती है। त्रिशूली नदी आगे भारत में प्रवेश कर गंडक नदी का हिस्सा बनती है। ऐसे में हिमालयी क्षेत्र में इस तरह की अचानक आने वाली बाढ़ का असर नदी के निचले इलाकों तक भी पहुंच सकता है। फिलहाल नेपाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और नदियों के किनारे बसे लोगों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाना है।


