Imran Khan: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे

0
195
Imran Khan: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे
Imran Khan: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट में किया गया दावा
Imran Khan, (आज समाज), नई दिल्ली: पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान खान अंधे हो सकते है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा है कि अगर इमरान खान को तुरंत और सही इलाज नहीं मिला, तो उनकी एक आंख की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है और वे अंधे भी हो सकते हैं।

पीटीआई (तहरीक-ए-इंसाफ) के मुताबिक इमरान खान की दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन आॅक्लूजन नाम की बीमारी पाई गई है। जेल में डॉक्टरों की जांच में इस बीमारी को बेहद गंभीर और संवेदनशील बताया गया है। मेडिकल एक्सपर्ट्स की राय में सही इलाज नहीं मिलने पर इमरान की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।

अडियाला जेल में उपलब्ध नहीं उचित सुविधा

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी का आरोप है कि मेडिकल सलाह के बावजूद रावलपिंडी की अडियाला जेल का प्रशासन इमरान खान का इलाज जेल के अंदर ही कराने पर अड़ा हुआ है। पीटीआई ने डॉक्टरों के हवाले से कहा है कि इस बीमारी के इलाज के लिए आॅपरेशन थिएटर और विशेष सुविधाओं की जरूरत होती है, जो अडियाला जेल में उपलब्ध नहीं हैं।

किसी बड़े अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग

पार्टी ने मांग की है कि इमरान खान को उनकी पसंद के किसी बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। पार्टी ने विशेष तौर पर शौकत खानम अस्पताल या किसी अन्य अच्छे अस्पताल में इलाज कराने की बात कही है। साथ ही परिवार और करीबी लोगों से बिना रोक-टोक मिलने की अनुमति देने की मांग भी की गई है।

जेल प्रशासन ने नहीं दी बीमारी की जानकारी

इस बीच इमरान खान की बहनों ने मंगलवार को अडियाला जेल के बाहर पीटीआई समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया। बहन नूरीन खानम ने कहा कि परिवार को किसी आंख की बीमारी की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर यह सच है, तो परिवार को पहले ही सूचित किया जाना चाहिए था।

परिजनों से मिलने की दी जाए इजाजत

अलीमा खानम ने भी जेल प्रशासन पर आरोप लगाया कि न तो परिवार और न ही कानूनी टीम को इमरान खान की सेहत को लेकर कोई जानकारी दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यह खबर आखिर लीक किसने की। पीटीआई का दावा है कि जेल से लौटते वक्त अलीमा खानम को पुलिस ने रोका। विपक्षी गठबंधन तहरीक-ए-तहाफुज-ए-आइन-ए-पाकिस्तान ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की है और परिवार को मिलने की अनुमति देने को कहा है।

ये भी पढ़ें: Weather Updates: तमिलनाडु, कर्नाटक व केरल में 5 दिन लगातार बारिश का अनुमान

  • TAGS
  • [post_tags]