Khaleda Zia Funeral: खालिदा जिया की अंतिम विदाई में शामिल होने ढाका पहुंचे भारत के विदेश मंत्री जयशंकर

0
358
Khaleda Zia Funeral: खालिदा जिया की अंतिम विदाई में शामिल होने ढाका पहुंचे भारत के विदेश मंत्री जयशंकर
Khaleda Zia Funeral: खालिदा जिया की अंतिम विदाई में शामिल होने ढाका पहुंचे भारत के विदेश मंत्री जयशंकर

खालिदा जिया को संसद परिसर स्थित जिया उद्यान में उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के पास जाएगा दफनाया
Khaleda Zia Funeral, (आज समाज), नई दिल्ली/ढाका: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की अंतिम विदाई में शामिल होने ढाका पहुंच चुके है। जयशंकर ने खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का शोक संदेश तारिक रहमान को सौंपा।

जयशंकर ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा की है। उन्होंने लिखा मैंने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का एक निजी पत्र सौंपा और भारत सरकार व भारत की जनता की तरफ से संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुझे पूरा विश्वास है कि बेगम खालिदा जिया के विचार और आदर्श, भविष्य में हमारे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने का रास्ता दिखाएंगे।

जनाजे में शामिल होने के लिए देशभर से 10 लाख लोग जुटे

इससे पहले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की नमाज-ए-जनाजा बुधवार दोपहर ढाका के मानिक मियां एवेन्यू पर अदा की गई। इस दौरान अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस भी मौजूद रहे। जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई विदेशी मेहमान भी ढाका आए हैं।

जिया को संसद परिसर स्थित जिया उद्यान में उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के पास दफनाया जाएगा। उनके जनाजे में शामिल होने के लिए देशभर से 10 लाख लोग जुटे।

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सदार अयाज सादिक भी पहुंचे ढाका

खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सदार अयाज सादिक बुधवार सुबह ढाका पहुंचे। सदार अयाज सादिक को ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बांग्लादेश में पाकिस्तान के उच्चायुक्त और बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों ने रिसीव किया।

मंगलवार को हुआ था निधन

खालिदा जिया का मंगलवार सुबह 80 साल की उम्र में निधन हुआ। वह पिछले करीब 20 दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन पर बांग्लादेश सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। इस दौरान पूरे देश में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।

ये भी पढ़ें: चीन बोला- हमने भारत-पाक संघर्ष रुकवाया, भारत का जवाब, सीजफायर में तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं

  • TAGS
  • [post_tags]