आॅस्ट्रेलिया के मेलबर्न में 7 मिनट तक आतिशबाजी
Happy New Year 2026 Celebration, (आज समाज), नई दिल्ली: न्यूजीलैंड-आॅस्ट्रेलिया के बाद अब जापान और साउथ कोरिया में भी नए साल की एंट्री हो गई है। साउथ कोरिया में एक बड़ी घंटी बजाकर नए साल के आगाज का ऐलान किया गया। वहीं जापान की राजधानी टोक्यो में आतिशबाजी के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट किया गया। आॅस्ट्रेलिया के सिडनी हार्बर में पारंपरिक आतिशबाजी देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे। वहीं, मेलबर्न के आसमान में 7 मिनट तक हुई आतिशबाजी शो ने शहर को रोशनी से भर दिया।
भारत में भी कुछ घंटों बाद नए साल की एंट्री हो जाएगी। सबसे पहले दुनिया के सबसे पूर्वी छोर पर बसे द्वीप देश किरिबाती में रात के 12 बजते ही साल 2026 की शुरूआत हो गई है। किरिबाती में भारत से 8:30 घंटे पहले नए साल की शुरूआत हो जाती है। ठीक एक घंटे बाद न्यूजीलैंड में भी नए साल ने दस्तक दे दी है। न्यूजीलैंड में भारत से 7:30 घंटे पहले, जबकि अमेरिका में 9:30 घंटे बाद नया साल आता है।

29 देश ऐसे हैं जो भारत से पहले नए साल का स्वागत करते हैं
इससे पहले न्यूजीलैंड का आॅकलैंड दुनिया का पहला प्रमुख शहर बना, जहां साल 2026 ने दस्तक दी। दुनिया के सबसे पूर्वी हिस्से में स्थित होने के कारण, न्यूजीलैंड में सबसे पहले नए साल का जश्न मनाया जाता है। यहां देश के सबसे लंबे स्काई टावर पर हजारों लोगों ने जमकर जश्न मनाया और आतिशबाजी की। दुनियाभर में अलग-अलग टाइम जोन के कारण 29 देश ऐसे हैं जो भारत से पहले नए साल का स्वागत करते हैं। इनमें किरिबाती, समोआ और टोंगा, आॅस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, म्यांमार, जापान इंडोनेशिया, बांग्लादेश, नेपाल आदि देश हैं।

कई एटोल्स से मिलकर बना है किरिबाती
किरिबाती प्रशांत महासागर में बसा द्वीप है। यह हवाई के दक्षिण में और आॅस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में है। यह देश कई एटोल्स से मिलकर बना है। एटोल्स का मतलब होता है गोलाकार प्रवाल भित्तियां (कोरल रीफ)। किरिबाती पूर्व से पश्चिम तक करीब 4,000 किलोमीटर में फैला हुआ है।
1979 में ब्रिटेन से आजादी मिली
किरिबाती को 1979 में ब्रिटेन से आजादी मिली थी। यहां की आबादी 1 लाख 16 हजार है। यहां रहने वाले ज्यादातर लोग ग्लोबल वॉर्मिंग की वजह से समुद्र स्तर बढ़ने के खतरे से जूझ रहे हैं।
सबसे नजदीकी देश हवाई
किरिबाती के सबसे नजदीक बसा देश हवाई है। इसकी दूरी करीब 2,000 किमी है। यह दिल्ली से काबुल जितनी दूर है। दिलचस्प बात यह है कि हवाई के इतने नजदीक होने के बावजूद किरिबाती वहां से एक दिन पहले नया साल मनाता है।
टाइम जोन क्या है
टाइम जोन धरती को समय के हिसाब से बांटने का एक तरीका है। धरती हर 24 घंटे में 360 डिग्री घूमती है। यानी हर घंटे में 15 डिग्री, जिसे एक टाइम जोन की दूरी माना गया। इससे पूरी दुनिया में 24 समान दूरी वाले टाइम बने। हर टाइम जोन 15 डिग्री देशांतर का होता है और एक-दूसरे से करीब एक घंटे का फर्क रखता है। इसी वजह से कहीं सुबह होती है तो कहीं रात, और कहीं नया साल पहले आता है तो कहीं बाद में। टाइम जोन ही तय करते हैं कि किस देश में तारीख कब बदलेगी।
ये भी पढ़ें: चीन बोला- हमने भारत-पाक संघर्ष रुकवाया, भारत का जवाब, सीजफायर में तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं


