पहले बगदादी, अब मादुरो को उठाया, दुनिया मानती है ताकत का लोहा
Delta Force, (आज समाज), नई दिल्ली: डेल्टा फोर्स अमेरिका की सबसे गोपनीय और ताकतवर यूनिट मानी जाती है। यह फोर्स एक बार फिर से चर्चा में बनी हुई है। वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद यह फोर्स फिर से चर्चा में आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी विशेष बलों ने हिरासत में लिया है। इस दावे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर डेल्टा फोर्स क्या है, इसकी भूमिका क्या होती है और यह किन-किन बड़े अभियानों में शामिल रही है। गौरतलब है कि मादुरो पर अमेरिका में 2020 से कथित नार्को-टेररिज्म के आरोप लंबित हैं। एक सीनेटर ने यह दावा भी किया कि उनपर अमेरिका में मुकदमा चलाया जाएगा।
बेहद गोपनीय तरीके से मिशन अंजाम देती है फोर्स
डेल्टा फोर्स का आधिकारिक नाम फर्स्ट स्पेशल फोर्सेज आॅपरेशनल डीटैचमेंट-डेल्टा है। यह अमेरिकी सेना की टियर-वन स्पेशल मिशन यूनिट मानी जाती है, जिसका मुख्य काम आतंकवाद-रोधी अभियान, हाई-वैल्यू टारगेट की गिरफ्तारी या निष्क्रिय करना और बंधक मुक्ति आॅपरेशन होता है। यह यूनिट सीधे ज्वॉंट स्पेशल आॅपरेशन्स कमांड के अधीन काम करती है और बेहद गोपनीय तरीके से मिशन अंजाम देती है।
कौन-कौन से बड़े आॅपरेशन किए?
डेल्टा फोर्स ने 2019 में सीरिया में हुए उस आॅपरेशन में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें इस्लामिक स्टेट के प्रमुख अबु-बकर-अल बगदादी मारा गया था। इसके अलावा यह यूनिट अफगानिस्तान, इराक और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में कई गुप्त अभियानों में शामिल रही है। यह सीआईए के साथ मिलकर भी आॅपरेशन करती है और जरूरत पड़ने पर अमेरिकी नेताओं को युद्ध क्षेत्रों में सुरक्षा देती है।
कैसे होती है भर्ती और तैयारी?
डेल्टा फोर्स की स्थापना 1977 में चार्ल्स बेकविथ ने की थी। इस यूनिट में सीधे भर्ती नहीं होती, बल्कि अमेरिकी सेना के रेंजर्स और स्पेशल फोर्सेज से चुने गए अनुभवी जवानों को कठोर चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। उम्मीदवारों के पास लंबा सैन्य अनुभव, मानसिक मजबूती और अत्याधुनिक प्रशिक्षण होना जरूरी है। आज डेल्टा फोर्स को दुनिया की सबसे खतरनाक और सक्षम स्पेशल फोर्स यूनिट्स में गिना जाता है।
ये भी पढ़ें: सुकमा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने ढेर किए 14 नक्सली


