वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिया फैसला
US Defense Budget, (आज समाज), नई दिल्ली: वेनेजुएला पर अप्रत्याशित हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप अपने देश की दुनिया में धाक बढ़ाने में जुट गए हैं। इस कवायद में वह सैन्य खर्च में 600 अरब डालर की भारी वृद्धि करने जा रहे हैं। उन्होंने 2027 के लिए 1500 अरब डालर के रक्षा बजट का प्रस्ताव रखा है। यह मौजूदा रक्षा बजट के मुकाबले करीब डेढ़ गुना से भी ज्यादा है। अमेरिकी संसद ने 2026 के लिए 901 अरब डालर के रक्षा बजट को मंजूरी दी है। उनके इस कदम को वेनेजुएला और उसके बाहर अमेरिकी साम्राज्य को बढ़ावा देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
ट्रंप ने बुधवार को अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, हमारा सैन्य बजट वर्ष 2027 के लिए एक ट्रिलियन डालर (एक हजार अरब डालर) नहीं बल्कि 1.5 ट्रिलियन डालर होना चाहिए। इससे हम ऐसी सेना खड़ी कर सकेंगे, जिससे हम लंबे समय तक खुद को सुरक्षित रख सकेंगे, चाहे दुश्मन कोई भी हो।
दुनिया भर में सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर रहा अमेरिका
यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप की इस घोषणा से किन हथियार कार्यक्रमों और सैन्य इकाइयों को लाभ होगा। हालांकि सैन्य खर्च में किसी भी तरह की बढ़ोतरी के लिए संसद की मंजूरी जरूरी है। संसद के दोनों सदनों में रिपब्लिकन को मामूली बहुमत है। राष्ट्रपति ने सैन्य खर्च में 600 अरब डालर की वृद्धि की मांग ऐसे समय की है, जब उनका प्रशासन दुनिया भर में सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है। पिछले सप्ताह अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ एक अप्रत्याशित सैन्य अभियान चलाया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर अमेरिका लाया गया। इसके बाद ट्रंप ने डेनमार्क के नियंत्रण वाले ग्रीनलैंड को बलपूर्वक अमेरिका के कब्जे में लेने की धमकी दी।
चीन से चार गुना तो भारत से दस गुना अधिक बजट
चीन का अभी रक्षा बजट 245 अरब डालर है, जो दुनिया में अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा बजट है। जबकि भारत का रक्षा बजट 81 अरब डालर से ज्यादा है। इस लिहाज से अमेरिका का रक्षा बजट चीन के मुकाबले चार गुना तो भारत की तुलना में दस गुना से भी ज्यादा है।


