Weather Today: बर्फबारी से फिर ठंड, कोहरा व सर्दी घटने के अभी नहीं आसार, हिमपात का अनुमान

0
375
Weather Today
कड़ाके की ठंड के बीच राजस्थान के अजमेर का सुबह का दृश्य।

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली, (Weather Today): उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा आसपास के राज्य हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व यूपी में एक बार फिर सर्दी में इजाफा हो गया है। फिलहाल ठंड के साथ कोहरा कम होने के आसार नहीं हैं। अगले दो दिन घना कोहरा छाने की भी संभावना है। कड़ाके की ठंड और शीत की स्थिति से कोल्ड-डे कंडीशन बनता देख मौसम विभाग ने लगातार 4 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें : Pees On Woman In Flight: नशे में धुत शख्स ने फ्लाइट में महिला पर किया पेशाब

सप्ताहांत में शीतलहर की स्थिति के आसार

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा के कारण हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी चार-पांच दिन तक शीतलहर का प्रकोप रह सकता है। बफीर्ली हवाओं के बीच पंजाब आज भी धुंध के आगोश में रहा। अमृतसर, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, आदमपुर, हलवारा और बठिंडा में दृश्यता जीरो से 50 मीटर के बीच रही।

मौसम विभाग का कहना है कि कुछ दिन कड़ाके की ठंड रहेगी। शीतलहर ने पूरा दिन लोगों को कंपकंपाने के लिए मजबूर कर दिया। इससे शीत दिन (कोल्ड डे) व अति शीत दिन (सीवियर कोल्ड डे) की स्थिति बनी रही। ठंडी हवाओं से कई शहरों में दिन का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।स्काईमेट वेदर के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।

हल्का पश्चिमी विक्षोभ है ठंड का कारण

मौसम विभाग के अनुसार एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में फिर बर्फबारी हो सकती है। इससे मैदानों में भी मौसम बदलेगा और ठंड में और इजाफा होने से शीतलहर की स्थिति हो सकती है।

उत्तराखंड : प्रदेश् में इन जगह कल हुआ हिमपात

मंगलवार शाम को उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम और हर्षिल में बर्फबारी हुई, जबकि यमुनोत्री व जानकी चट्टी समेत जिले के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे। राज्य में ऊंची चोटियों पर कुछ जगह हिमपात होने व मैदानों में कोहरे के साथ बफीर्ली हवा चलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे लुढ़क गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन में धूप खिली रही। शाम को कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

हिमाचल : सात व आठ जनवरी को हिमपात व बारिश का अलर्ट

हिमाचल मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में छह जनवरी तक मौसम साफ रहेगा और सात व आठ जनवरी को ऊंचाई वाले इलाको में भारी हिमपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिजली व पानी के साथ यातायात भी बाधित हो सकता है। प्रदेश में छह जगह न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। वहीं, रोहतांग सहित लाहौल के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों व मनाली घाटी में विभिन्न जगहों पर कल दोपहर बाद हिमपात हुआ। बिलासपुर, हमीरपुर व ऊना में इस दौरान शीतलहर और दो जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश : समूचे राज्य में कानपुर सबसे ठंडा

कड़ाके की सर्दी के साथ समूचे उत्तर प्रदेश में कल दिनभर कोहरा बरसा। दृश्यता शून्य रही। प्रदेश भर में सबसे सर्द कानपुर रहा। पिछले दो दिन में 7.2 डिग्री पारा गिरने से यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान भी शहर में सबसे कम रहा जबकि लखनऊ और बरेली में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 47 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है। आठ जनवरी तक अत्यधिक घने कोहरे और शीतलहर के लिए चेतावनी जारी की है।

ये भी पढ़ें : Supreme Court Verdict: जनप्रतिनिधियों के बोलने की आजादी पर नहीं बैन की जरूरत

Connect With Us: Twitter Facebook 

 

SHARE