Weather Today Forecast: हरियाणा-पंजाब सिहत उत्तर भारत में पांच दिन शीतलहर का अलर्ट

0
431
Weather Today Forecast
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट के द्रंग इलाके में 'चिल्लई कलां' के दौरान बर्फ में खेलते पर्यटक।

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली, (Weather Today Forecast): उत्तर भारत के कई राज्यो में कुछ दिन धूप खिलने से ठंड से राहत मिलने के बाद फिर दुश्वारियां बढ़ गई हैं और फिलहाल कड़ाके की सर्दी व घने कोहरे के चलते आने वाले दिनों में शीतलहर और बढ़ने के आसार हैं। बता दें कि सर्दी पहले ही कई राज्यों में रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने कड़ाके की ठंड और शीतलहर की स्थिति से कोल्ड-डे कंडीशन बनता देख लगातार चार से पांच दिन तक समूचे उत्तर भारत में ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं हरियाणा में रेड अलर्ट जारी है।

मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने का अनुमान

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताहांत ज्यादा बर्फबारी होने का अनुमान है, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर हरियाणा-पंजाब सहित समूचे उत्तर भारत में शीतलहर यानी कोल्ड वेव रहने की संभावना है। ज्यादातर मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने का अनुमान है। दिल्ली में मंगलवार को सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर सुबह करीब 11 बजे तक कोहरे की मोटी परत छाई रही। शहर की एयर क्वालिटी 350 रिकॉर्ड की गई, जो की खराब श्रेणी में आता है।

उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में दो दिन रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 35 जिलों में दो दिन तक शीत लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पूरे यूपी में 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए जहां एक ओर राजधानी लखनऊ में कोहरा छाया रहा, वहीं, राज्य के कई जिलों में बफीर्ली हवाएं चली। सबसे सर्द रात कानपुर की रही। शहर का 3.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। ठंड के चलते हार्ट अटैक से होने वाली मौतें के आंकड़ों भी कम नहीं हो रहे हैं। कानपुर में 10 लोगों हार्ट अटैक से दम तोड़ चुके हैं। राजस्थान में भी ठंड में इजाफा होगा।

भोपाल में 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है ठंड

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के ग्वालियर, खजुराहो, नौगांव और सतना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हवाओं की रफ्तार 20 किमी प्रतिघंटा तक रही और शाम तक यह 17 किमी की रफ्तार से चलीं। पिछले 22 साल में भोपाल में जनवरी के शुरुआती तीन दिन में इतनी ज्यादा सर्दी नहीं रही। बिहार में भी कोहरे व ठंड से आम जनजीवन प्रभावित है। कोहरे के कारण राजधानी पटना एयरपोर्ट से उड़ानों में देरी हो रही है। पटना से राजधानी समेत एक दर्जन से अधिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें भी लेट हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले 3 दिन तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा-पंजाब में मंगलवार सीजन का सबसे सर्द दिन

पंजाब और हरियाणा में में इस बार कोल्ड डे ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। आईएमडी चंडीगढ़ के डायरेक्टर डॉक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि पंजाब में 19 साल यानी 2003 के बाद जनवरी के पहले हफ्ते में दिन का तापमान आठ से 11 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2003 में पंजाब में अधिकतम तापमान 11 से 12 डिग्री रहा था। हरियाणा में सर्दी ने हिसार में दिन के तापमान का 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। हिसार में मंगलवार को अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सीजन का सबसे ठंडा दिन था। इससे पहले, 2011 को दिन का पारा 9.9 डिग्री रहा था।

हिमाचल में वीकेंड में हिमपात का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में फिर बर्फबारी हो सकती है। इससे मैदानों में भी मौसम बदलेगा और ठंड में और इजाफा होने से शीतलहर की स्थिति हो सकती है।

हिमाचल मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में छह जनवरी तक मौसम साफ रहेगा और सात व आठ जनवरी को ऊंचाई वाले इलाको में भारी हिमपात और बारिश का अनुमान है। राज्य के तीन जिलों बिलासपुर, हमीरपुर व ऊना में इस दौरान शीतलहर और दो जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम और हर्षिल में मंगलवार शाम को बर्फबारी हुई।

ये भी पढ़ें : Delhi UP Crime: यूपी में बट्टे से पति का मर्डर, दिल्ली में गर्लफ्रेंड पर छह बार चाकू से हमला

ये भी पढ़ें : Pees On Woman In Flight: नशे में धुत शख्स ने फ्लाइट में महिला पर किया पेशाब

Connect With Us: Twitter Facebook 

 

SHARE