कांसापुर में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन

0
396
प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
नगर निगम के वार्ड नंबर 21 के कांसापुर स्थित भगवान परशूराम सामुदायिक केंद्र में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। भगवान परशूराम कल्याण समिति की ओर से आयोजित दंगल में नगर निगम मेयर मदन चौहान व समाजसेवी इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि और कांग्रेसी नेता मांगेराम मारूपुर ने वशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। वार्ड नंबर 21 के पार्षद अभिषेक मोदगिल ने दंगल की अध्यक्षता की। दंगल में हरियाणा, पंजाब, यूपी, हिमाचल, दिल्ली और चंडीगढ़ के पहलवानों ने दमखम दिखाया। समिति के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि दंगल में बालाजी अखाड़ा जगाधरी के विक्की पहलवान और चंडीगढ़ के रूद्र सिंह पहलवान की कुश्ती दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही है। जिसमें विक्की पहलवान विजयी रहे। पार्षद अभिषेक मोदगिल की तरफ से उन्हे 31 हजार का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा भगवान परशुराम अखाड़ा के राहुल पहलवान ने पानीपत के बिल्ली पहलवान को पराजित कर 21 हजार का नगद पुरस्कार प्राप्त किया। दूरदराज से आए पहलवानों ने खेल भावना का परिचय देते हुए कुश्तियां लड़ी। दंगल अखाड़ा की ओर से सभी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेयर मदन चौहान ने कहा कि इस दंगल का आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए किया गया है। आज की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जकड़ी जा चुकी है। नौजवान युवा पीढ़ी के युवा बच्चों को समय-समय पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना हमारा पहला कर्तव्य ही नहीं बल्कि पहला दायित्व भी है। हमें गर्व है ऐसे नौजवान युवकों पर जो दूसरों के लिए प्रेरणा बनकर इस प्रतियोगिता में अपना अहम व अतुलनीय योगदान देते हैं। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, श्रीबाला जी अखाड़ा के मुख्य कोच राकेश काम्बोज, पार्षद संजीव कुमार, पार्षद राम आसरा, अनिल कांबोज, जोनी पहलवान, अशोक पहलवान, रवि राणा पहलवान, शक्ति अरोड़ा, विनोद शर्मा, सुनील कांबोज, बाबू, प्रमोद, बृजपाल शर्मा, अभिमन्यू शर्मा, राकेश त्यागी आदि मौजूद रहे।

दो एकड़ में अखाड़ा बनाने की सरकार से करेंगे अपील

पार्षद अभिषेक मोदगिल ने कहा कि आज के समय में कुश्ती एक कैरियर के रूप में बेहतर विकल्प है। इस में कैरियर बनाने पर आप अपने देश और संपूर्ण विश्व में प्रसिद्धि प्राप्त कर सकते हैं। इस क्षेत्र में आने के लिए आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। अगर देश का युवा स्वस्थ होगा तभी देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि वे सरकार से अपील करेंगे कि शहर में दो एकड़ जमीन में एक अखाड़े का निर्माण कराया जाए ताकि इसमें आने वाली युवा पीढ़ी राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में भाग लेने के लिए अपनी तैयारियां कर सकें।
SHARE