Union Defense Minister Rajnath Singh : जरूरत पड़ी तो सीमा के उस पार जाकर भी दुश्मन को मारेंगे : राजनाथ सिंह

0
155
गौरवशाली भारत रैली को संबोधित करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
गौरवशाली भारत रैली को संबोधित करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
  • राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हमारा रक्षा तंत्र लगातार हो रहा है मजबूत : ओम प्रकाश धनखड़।
  • सफल रैली के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की शिक्षा मंत्री कंवरपाल की सहराना
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के अलावा गृहमंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा व अनिल अग्रवाल ने भी रैली को किया संबोधित
Aaj Samaj (आज समाज), Union Defense Minister Rajnath Singh, प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो रहा है। पहले हम सैन्य उपकरण दूसरे देशों से खरीदते थे, लेकिन आज हम दूसरे देशों में निर्यात कर रहे हैं। भारत अब ताकतवर बनता जा रहा है। भारत सीमा के इस पार भी मार सकता है और जरूरत पड़ी तो दुश्मन को सीमा के उस पार भी मार सकता है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस में एक नेता है, जहां भी जाते हैं, कहते रहते हैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं। उन्होंने लोगों से पूछा क्या यहां नफरत की दुकान है? लोगों के मना करने पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां उनकी मोहब्बत की दुकान लगने वाली नहीं है। श्री सिंह गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के 9 साल पूरे होने पर यमुनानगर के जगाधरी की अनाजमंडी में आयोजित अंबाला लोकसभा की गौरवशाली भारत रैली को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों पर कोई ध्यान नहीं देता था, लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत को ध्यान से सुनता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि आर्थिक दृष्टि से भारत मजबूत हुआ है और 2027 तक भारत तीन टॉप अर्थव्यवस्था वाले देशों में शामिल हो जाएगा। मोदी सरकार के पिछले नौ वर्षों में भारत की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी बढ़ी है। उरी और पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि मोदी जी ने दस मिनट के अंदर फैसला लिया और हमारे जवानों ने स्ट्राइक करके आतंकियों को उनकी जमीन पर मार गिराया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हमारे प्रधानमंत्री को ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री बॉस कह कर बुलाता है, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन उनका ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं और पापुआ न्यू गिनी के राष्ट्रपति उनके पैर छू कर आशीर्वाद लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी देश के राष्ट्र अध्यक्ष के द्वारा पैर छूना कोई छोटी बात नहीं है। ये केवल प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत और भारतवासियों का सम्मान है। श्री सिंह ने कहा कि मॉर्गन स्टेनली नाम की एक फाइनेंशियल फर्म है जिसने 2013 में कुछ देशों का नाम लिया था जिनकी माली हालत लडख़ड़ाई हुई है, उसमें भारत का नाम भी था। अब वहीं मॉर्गन स्टेनली फर्म भारत की आर्थिक ताकत का देखकर अचंभित है और कहती है कि इस बात की संभावना है कि 2027 तक भारत टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों में शामिल हो जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने चुटकी बजाकर कश्मीर से धारा-370 को समाप्त किया। आज कश्मीर को भी वही दर्जा प्राप्त है जो दूसरे राज्यों को प्राप्त है। आज हमारी सरकार ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम किया है। पुरानी विरासत को भव्य स्वरूप देने का काम भाजपा ने किया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर 2024 में तैयार हो जाएगा। उज्जैन में महाकाल मंदिर, बद्रीनाथ, केदारनाथ का बदला स्वरूप आप देख रहे हैं।
हरियाणा के बारे में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भी मैं इस क्षेत्र में आता हूं तो मुझे बेहद खुशी होती है। इसकी एक वजह यह भी है कि यह किसानों की धरती है और मैं भी एक किसान परिवार से हूं। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा ने भारत का मस्तक उंचा किया है। हरियाणा को खेलों में देश की राजधानी बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत को पहला ओलंपिक मेडल दिलाने वाली कर्णभ मल्लेश्वरी भी यमुनानगर से ही रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सभी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरी है। इन 9 सालों में हर जनमानस में मोदी सरकार ने विश्वास पैदा किया है। मोदी जी ने एक सभा में कहा था कि सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा और उन्होंने यह करके दिखा दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है।  भारत की प्रतिष्ठा दुनिया में तेजी से बढ़ी है। भारत की फौजों ने चीन को भी अपने शौर्य का परिचय दे दिया है। पूरा विश्व महसूस करता है कि पहली बार भारत ने सीना खोलकर अपने स्वाभिमान की रक्षा की है, यह भारत की यह ताकत और हैसियत मोदी के नेतृत्व में बनी है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले जनता में राजनीतिक विश्वास का संकट पैदा हो गया था। दूसरी पार्टियां बड़े-बड़े दावे और वादे करती थी लेकिन पूरा करने में पीछे हट जाती थी। तब भाजपा ने इस विश्वास के संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया। भाजपा जो कहती है वो करती है। पहले की सरकारें घोटालों की सरकारें थी।  घोटालों के आरोप में उनके मंत्रियों को जेल की हवा खानी पड़ी। 9 साल बाद कोई व्यक्ति मोदी सरकार पर उंगली नहीं उठा सकता।

सभी ने सफल रैली के लिए मंत्री कंवरपाल व भाजपा जिला अध्यक्ष की जुगलबंदी की कि सहराना

जगाधरी अनाज मंडी में आयोजित भारत गौरवशाली रैली में करीब 20 हजार लोग पहुंचे, इस रैली को सफल बनाने के लिए मंत्री कंवरपाल व भाजपा जिला अध्यक्ष की जुगलबंदी सफल रही। अतिथियों ने भीड़ देखकर उनकी सराहना की। रैली में पहुंचने वाले सभी कार्यकर्ता  खुश थे। रैली की सफलता के बाद सभी कार्यकर्ताओं को भोजन के पैकेट भी वितरित किए। सभी स्थानीय नेताओं के चेहरे पर रैली की सफलता की मुस्कान देखी गई।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रक्षा, किसानी, शिक्षा जैसे हर क्षेत्र में की तरक्की: मंत्री अनिल विज

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हरियाणा की धरती पर पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा ने रक्षा, शिक्षा, किसानी जैसे हर क्षेत्र में तरक्की की है। प्रधानमंत्री ने सारे विश्व में भारत का नाम ऊंचा उठाया है। हालात ये हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति उनसे आटोग्राफ मांगते हैं तो आस्ट्रेलिया के पीएम उन्हें बॉस कहते हैं। एक प्रधानमंत्री ने तो उनके पैर तक छुए हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जबकि कुछ लोग विदेशो में जाकर छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। धारा-370 को दोबारा लगाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों को आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि जैसी अनेकों योजनाओं से लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले चुनावों में पहले से ज्यादा वोट, ज्यादा सांसदों और ज्यादा मजबूती से सरकार बनाएगी।

9 वर्ष में हुए अनेकों विकास कार्य: मंत्री कंवरपाल

शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के यमुनानगर पहुंचने पर उनका धन्यवाद किया। रैली के दौरान संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सरकार बनाई तो उन्होंने चुनाव से पहले हिसाब देने की बात कही थी। इसी 9 वर्ष के हिसाब देने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आए हैं। उन्होंने कहा कि 9 वर्ष के कार्यकाल में अनेकों विकास कार्य हुए हैं। इसमें कैंसर अस्पताल हो, एनएच-34, वार मेमोरियल, मेडिकल कॉलेज, मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल, आईटीआई जैसे 33 विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने 9 वर्ष में 33 से ज्यादा बड़े विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस अपने राज में हुए 3 विकास कार्य भी गिनवा दे तो बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को साढ़े 9 हजार करोड़ का मुआवजा दिया। इसके साथ-साथ एकमुश्त 1100 करोड़ माफ किए। उन्होंने कहा कि आज सरकार किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज दे रही है।
24 घंटे बिजली दी जा रही है। मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हर बात पर विरोध कर रही है, जीएसटी पर विरोध, रफाल खरीद पर विरोध, वैक्सीन पर विरोध, यहां तक की सर्जिकल स्ट्राइक पर भी प्रश्नचिन्ह लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश व प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
इस दौरान यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, अम्बाला विधायक असीम गोयल, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री कर्णदेव कम्बोज, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, भाजपा महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, यमुनानगर मेयर मदन चौहान, हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, भाजपा जिला प्रभारी धुम्मन सिंह किरमच, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया, भाजपा यमुनानगर जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, अम्बाला जिलाध्यक्ष राजेश बतोरा, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. संजय शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, प्रदेश सह प्रवक्ता संजय आहूजा, पूर्व चेयरमैन कृष्ण ढुल, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला महामंत्री सुरेंद्र बनकट और अन्य वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।
SHARE