ऊना विधानसभा क्षेत्र को 1000 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाएं : सत्ती

0
268

आज समाज डिजिटल, ऊना:
छठे राज्य वित्तायोग अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार ने ऊना विधानसभा क्षेत्र को करीब 1000 करोड़ रुपए की दो बड़ी परियोजनाएं दी हैं। इनमें से पेखूवेला में 550 करोड़ से अधिक की लागत से इंडियन आॅयल का सब डिपो खोला गया है, जबकि 450 करोड़ से अधिक की लागत से पीजीआई सेटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है। वे संतोषगढ़ नगर पंचायत में जिम का लोकार्पण करने के उपरांत एक जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सत्ती ने बताया कि युवाओं का रुझान खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऊना विधानसभा क्षेत्र में 1.77 करोड़ रुपए की लागत से बसदेहड़ा में स्टेडियम का निर्माण किया गया है, जबकि 99.64 लाख रुपए की लागत से देहलां में स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संतोषगढ़ व जलग्रां में भी स्टेडियम निर्मित करने के लिए डीपीआर स्वीकृति हेतु भेजी गई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में अपना समय लगाकर अपनी प्रतिभा को निखारें। उन्होंने गर्व महसूस करते हुए कहा कि पिछले कबड्डी लीग में देहलां से चार खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सत्ती ने कहा कि 35 करोड़ रुपए की लागत से ऊना शहर में मॉडर्न आईएसबीटी बस अड्डा तैयार करके लोगों को समर्पित किया गया है। जोनल अस्पताल में 20 करोड़ रुपए की लागत से मातृ-शिशु अस्पताल का कार्य 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। 22 करोड़ रुपए की लागत से ऊना मुख्यालय पर लघु सचिवालय की बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। 8.55 करोड़ रुपए से आईटीआई मैहतपुर तथा 7 करोड़ से आईटीआई ऊना के बी-ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। 4 करोड़ रुपए की लागत से सीएचसी बसदेहड़ा के भवन का निर्माण हो रहा है। ऊना उपमंडल में सड़कों के रख-रखाव तथा अपग्रेडेशन पर लगभग 40 करोड़ रूपए व्यय किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन में 10 करोड़ रुपए तथा सिंचाई व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर 11 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। चार करोड़ रुपए की लागत से मैहतपुर सीवरेज का कार्य जारी है। संतोषगढ़ में भी सीवरेज निर्माण का कार्य जारी है। 12 करोड़ की लागत से ऊना-संतोषगढ़ उन्नत सड़क तैयार की गई है। नाबार्ड के अंतर्गत 2.61 करोड़ रुपए से लोअर देहलां पंचायत में (लोअर देहलां से बडैहर, सुध्याना तालाब से बसदेहड़ा, संपर्क मार्ग से मुहल्ला चौधरियां और संपर्क मार्ग से मुहल्ला-महंतां तक) सडकों को चैड़ा करने व सुधार कार्य किए गए है।
सत्ती ने बताया कि 8.4 करोड़ रुपए से ऊना विधानसभा क्षेत्र में जलपूर्ति के लिए ट्यूबवैलों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। ऊना विधानसभा क्षेत्र में छूटे हुए परिवारों के लिए 5.73 करोड़ रुपए से मौजूदा योजनाओं के तहत क्रियाशील पानी के कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। 8.80 करोड़ रुपए से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) ऊना तथा का निर्माण कार्य चल रहा है। 53 लाख रुपए से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला कमरों का निर्माण किया जाना है। 4.21 करोड़ रुपए से बसदेहड़ा में निर्मित होने वाले 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कार्य आंरभ हो चुका है। 63 लाख रुपए से बसदेहड़ा में निर्मित होने वाले राजकीय पशु चिकित्सालय भवन, 62 लाख रुपए से संतोषगढ़ में बनने वाले राजकीय पशु चिकित्सालय भवन का शिलान्यास किया गया। 13.16 लाख रूपए की लागत इंडस्ट्रियल ऐरिया मैहतपुर में पंप घर और अटेंडेंट रूम बनाया गया है। 35.24 लाख रुपए की लागत से इंडस्ट्रियल ऐरिया मैहतपुर में आरसीसी ओवर हेड जल भंडारण टैंक बनाया गया है।
इस अवसर पर ऊना भाजपा मंडलाध्यक्ष हरपाल गिल, डॉ. रामपाल सैणी, संतोष सिंह व भजन सिंह मान ने ऊना विस में बड़े पैमाने पर हो रहे विकास कार्यों के लिए सतपाल सत्ती का आभार व्यक्त किया।

SHARE