आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर तिरंगा यात्रा निकाली

0
301

देश की आजादी में कांग्रेस का बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण योगदान : राठौर
आज समाज डिजिटल, शिमला:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस का देश की आजादी में एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि एक बड़े संघर्ष के बाद देश आजाद हुआ। महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश के अनेक राष्ट्र भक्तों ने खुशी-खुशी अपने प्राणों की आहुति दी। वे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यहां आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में संबोधित कर रहे थे।
राठौर ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश के लिए शहीद हुए स्वतंत्रता सैनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी, वहीं इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने को अपने प्राणों की आहुति तक दी। उन्होंने सभी पार्टियों का आह्वान किया कि देश के लिए उन्हें किसी भी कुर्बानी को हमेशा तैयार रहना है।
कुलदीप ने कहा कि आज देश को सम्प्रदाय के नाम पर बांटने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान भाजपा सरकार इतिहास से छेड़छाड़ कर आजादी के संग्राम में कांग्रेस नेताओं के योगदान को कम आंककर अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह देश एक है, अखंड रहेगा और कांग्रेस इसके लिए हमेशा ही किसी भी बलिदान के लिए तैयार है।
उधर, देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर जिला कांग्रेस कमेटी शहरी व ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा भी निकाली। इस दौरान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहरी जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, सेवादल प्रमुख अनुराग शर्मा, युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सचिव बलदेव ठाकुर, आनंद कौशल, इंद्रजीत सिंह, आनंद कौशल, पूर्व पार्षद परवीन, दीपक रोहल, रोहित, अंकुश, नीरज बक्शी अतुल गौतम, रवि राणा, वीणेश, अमृत पल, हेमंत मेहता, कंवर मेहर सिंह, अमनदीप, राम पल सैनी, धीरेन्द्र गुप्ता, विजय कुमार, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद थे।

SHARE