World Environment Day : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर नागरिकों से एक पेड़ अवश्य लगाने की करी अपील

0
1084
Chief Minister Nayab Singh Saini appealed to the citizens to plant a tree on World Environment Day.
  • आज ही के दिन वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की करी थी शुरुआत: नायब सिंह सैनी
  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं को सुना.

World Environment Day(आज समाज नेटवर्क )लाडवा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस है। मैं आप सबको इसकी भी हार्दिक बधाई देता हूं। इसके साथ ही, मैं सबसे अपील करता हूं कि आप पर्यावरण को बचाने में योगदान दें। आज ही के दिन वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए आप एक पेड़ अवश्य लगाएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह लाडवा के प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण किया। इसके साथ ही उसको पानी के साथ सिंचाई भी की।

प्रकृति के साथ हमारा जुड़ाव केवल एक दिन के औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं का हल करने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्यावरण संरक्षण पर संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति के साथ हमारा जुड़ाव केवल एक दिन के औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें हम सभी को अपने दैनिक जीवन में छोटी-छोटी परंतु सार्थक भूमिकाओं का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि जब हम एक पौधा लगाते हैं, तो हम वास्तव में केवल हरियाली नहीं बढ़ा रहे होते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन की नींव को सुदृढ़ कर रहे होते हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों से जिम्मेदारी का आह्वान किया कि वे वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके वृक्ष बनने तक उसकी पूर्ण देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा लगाए गए पौधे जब विशाल वृक्ष का रूप लेते हैं, तभी वे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शीतल छाँव और जैव-विविधता का आधार प्रदान कर पाते हैं। हर दिन हमें पर्यावरण के प्रति सजग रहकर सक्रिय प्रयास करने चाहिए, ताकि एक स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

हम प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग पूरी तरह बंद करें और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएँ

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समय की मांग है कि हम प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग पूरी तरह बंद करें और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएँ। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर इसके उपयोग को रोकने में सक्रिय योगदान दें। इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, एसडीएम अनुभव मेहता, मार्केट कमेटी अध्यक्ष डॉ. गणेश दत्त, नगर पालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, पूनम सैनी, सन्नी कालड़ा,प्रदीप सहगल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

  • TAGS
  • [post_tags]