आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, हादसे के बाद बस में लगी आग
Agra-Lucknow Expressway Accident (आज समाज), लखनऊ : उत्तरप्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक हादसा उस समय सामने आया जब सवारियों से भरी एक डबल डेकर बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। इस हादसे में बस में आग लग गई जिसमें चालक जिंदा जल गया जबकि 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने का समाचार है। हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और अग्निशमन टीमों को मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद बस में लगी आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे के बारे में यह जानकारी मिली
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने बताया कि सवारियों को लेकर गुड़गांव जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में आग लग गई। इस हादसे में बस चालक की आग में जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हादसे की सूचना मिलते ही 6 फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। जिसने तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बस में सवार थे 40 से अधिक यात्री
बस में लगभग 40 से अधिक सवारियां सफर कर रही थीं। बस जब रात्रि 2 बजे करीब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र से आगे बढ़ी। तभी बस के आगे चल रहा बालू से लदा डंपर अचानक मटसेना क्षेत्र के किमी संख्या 46 पर अनियंत्रित हो गया। जोकि मध्य डिवाइडर से जा टकराया। तभी पीछे से तेज गति से आ रही सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हुए डंपर में तेजगति से पीछे से जा टकराई। हादसा इतनी भयावह था कि देखते ही देखते बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और बस में आग लग गई।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने लिया तुरंत एक्शन
सूचना मिलने पर यूपीडा तथा नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस मौके पर आ गई। कुछ ही देर बाद एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी भी मौके पर आ गए। जिन्होंने बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस हादसे में बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर बाद फिरोजाबाद से 2, टूंडला से 1, शिकोहाबाद से 1, सिरसागंज तथा जसराना से फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी भी मौके पर आ गई। जिन्होंने आग को बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली में मां-बेटे की हत्या


