Uttar Pradesh News (आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर तांत्रिक के बहकावे में आकर युवक की बलि दी थी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को ऑटो में रखकर जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
पुलिस के मुताबिक 16 जनवरी 2026 को नितिन नामक व्यक्ति ने ट्रोनिका सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात लोगों ने उसके भाई नवीन की हत्या कर शव को ऑटो में जला दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए और इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों पवन और सागर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि तीसरा आरोपी नसीम पुत्र इकबाल, निवासी पंचलोक, ट्रोनिका सिटी, घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बाद में पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नसीम ने बताया कि वह और उसके साथी एक तांत्रिक के संपर्क में थे। तांत्रिक ने उन्हें किसी व्यक्ति की बलि देने पर धनवान बनने और ईश्वर से साक्षात्कार कराने का झांसा दिया था।इसी अंधविश्वास के चलते आरोपियों ने नवीन को बहाने से बुलाया और गैस सिलेंडर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को ऑटो में रखकर जंगल में ले जाकर जला दिया गया।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नसीम पंचलोक गेट के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर 5 मार्च 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तांत्रिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


