Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में रविवार को डीपीएस चौराहे के पास फिल्मी अंदाज में स्कॉर्पियो का पीछा करने और कई बार टक्कर मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कमर्शियल वैगनआर कार में सवार तीन-चार युवकों ने चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर स्कॉर्पियो सवारों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया।
कार में सवार एक युवक चाकू लहराते हुए लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पीड़ित अभिषेक यादव के अनुसार वह अपनी स्कॉर्पियो-एन से बहलोलपुर गांव से निकलकर जा रहे थे। छजारसी के पास पीछे से आई कमर्शियल वैगनआर कार ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी उनकी गाड़ी के आगे-पीछे चलकर रास्ता रोकते रहे और लगातार पीछा करते रहे। अभिषेक का आरोप है कि कार में सवार एक युवक चाकू लहराते हुए लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है, जिसमें आरोपी के हाथ में चाकू दिखाई दे रहा है।
पीड़ित के मुताबिक पीछा करते हुए आरोपी प्रताप विहार चौकी क्षेत्र स्थित डीपीएस चौराहे तक पहुंच गए, जहां उन्होंने स्कॉर्पियो में कई बार टक्कर मारी। जब अभिषेक और उनका साथी गाड़ी से उतरकर बात करने का प्रयास करने लगे तो आरोपियों ने उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की। दोनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान आरोपी स्कॉर्पियो के चारों ओर कार घुमाकर उन्हें डराने का प्रयास करते रहे।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी
घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी अपनी वैगनआर कार छोड़कर फरार हो गए।पुलिस ने मौके से वैगनआर कार को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित अभिषेक यादव ने विजयनगर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


