Student Teacher Viral News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बस्ती के प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाली एक टीचर को अपने ही स्टूडेंट से प्यार हो गया। इतना तक तो ठीक था, लेकिन एक दिन टीचर छात्र को अपने साथ लेकर फरार हो गई। छात्र की उम्र सिर्फ 16 साल है और वह नाबालिग है। जब वह घर से लापता हो गया, तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कई जगहों पर तलाश की और दोनों को लखनऊ में एक होटल से पकड़ लिया।
एक साल से बढ़ गई थीं नजदीकियां
एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली टीचर की उम्र भी महज 26 साल है, जबकि छात्र 16 साल का है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से नजदीकियां थीं। धीरे-धीरे यह नजदीकी इतनी बढ़ गई कि एक दिन छात्र अचानक घर से गायब हो गया और परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर छात्र को तलाशा। जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो शक की सुई उसी महिला शिक्षिका की तरफ घूम गई। इसके बाद परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामला दर्ज हुआ और फिर शुरू हुई बस्ती से गोरखपुर और लखनऊ तक तलाश। आखिरकार पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
स्कूल में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी
मामला बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल का है। यहां 26 वर्षीय महिला शिक्षिका करीब एक साल से पढ़ा रही थी। इसी स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ने वाला छात्र भी था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। एक दिन अचानक छात्र के लापता होने की खबर ने घर में खलबली मचा दी। परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की। हर संभावित जगह पर तलाश की गई, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार को शिक्षिका पर शक हुआ। छात्र के पिता ने शिक्षिका पर बेटे को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।


