नई दिल्ली. करनाल के नीलोखेड़ी क्षेत्र में दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की एक वोल्वो बस पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बस के टूटे शीशे, अंदर बिखरा कांच और क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट दिखाई दे रही है. वीडियो साझा करने वालों ने आरोप लगाया कि बस में सवार लोगों के साथ मारपीट भी हुई और बस पर कई बार पत्थर फेंके गए. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी घटना से जुड़ा वीडियो साझा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बुटाना थाना प्रभारी के अनुसार, ढाबे की पार्किंग में कार हटाने को लेकर विवाद हुआ था. दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और किसी ने पुलिस को शिकायत नहीं दी.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी. जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद की. उमर अब्दुल्ला की पोस्ट में साझा वीडियो में एक युवक दिखाई देता है. वह बताता है कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस डिवाइन स्टार ढाबे पर रुकी थी. यात्री खाना खा सकते थे. उसके अनुसार, बस की कार से कोई टक्कर नहीं हुई थी. फिर भी बस पर पत्थर फेंके गए और उसके कई पैनल व शीशे तोड़ दिए गए. युवक ने एक बुजुर्ग की नाक पर चोट लगने की बात भी कही.
वीडियो में युवक यह भी आरोप लगाता है कि मौके पर उन्हें सहयोग नहीं मिला. उसका कहना है कि पुलिस आपातकालीन नंबर 112 पर भी कॉल नहीं की गई. बस की नंबर प्लेट तोड़ दी गई. बस के अंदर ईंट पड़ी होने और शीशे टूटने की बात कहते हुए उसने ढाबे पर नहीं आने की अपील की. युवक ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे नफरत से जुड़ा मामला बताया. ये आरोप वीडियो में युवक द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने बस पर हमले का वीडियो साझा किया. उन्होंने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए लिखा कि दिल्ली से कश्मीर जा रही जम्मू-कश्मीर की वोल्वो बस पर हरियाणा के करनाल में हमला किया गया. उन्होंने हरियाणा पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने और जम्मू-कश्मीर सरकार से हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने की अपील की. साथ ही कारोबार खड़ा करने के लिए मेहनत कर रहे युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई.
डॉ. मोमिन खान की ओर से साझा वीडियो में बस के टूटे शीशे और सीटों पर बिखरा कांच दिखाई देता है. वीडियो में एक अन्य युवक दावा करता है कि वह घटनास्थल पर मौजूद था. उसके अनुसार, बस चालक को कुछ लोग मार रहे थे, बस की चाबी भी निकाल ली गई और वाहन पर कई बार पत्थर मारे गए. युवक ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर का पंजीकरण नंबर देखकर हमलावरों की नाराजगी और बढ़ गई. उसने शराब पीकर ऐसा करने का आरोप भी लगाया. कहा कि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो कश्मीर के लोग हरियाणा का बहिष्कार कर सकते हैं. उसने उत्तराखंड में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए हरियाणा में भी ऐसी स्थिति बनने पर चिंता जताई.


