Punjab News : होला मोहल्ला के लिए श्री आनंदपुर साहिब में सुरक्षा चाक चौबंद

0
248
Punjab News : होला मोहल्ला के लिए श्री आनंदपुर साहिब में सुरक्षा चाक चौबंद
Punjab News : होला मोहल्ला के लिए श्री आनंदपुर साहिब में सुरक्षा चाक चौबंद

संगत की सुरक्षा के लिए 5000 पुलिस कर्मी तैनात, 21 पार्किंग पर शटल सेवाओं की भी दी जाएगी सुविधा, स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के पवित्र शहर श्री आनंदपुर साहिब में मनाए जाने वाले पवित्र त्योहार होला मोहल्ला के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के मद्देनजर स्पेशल डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने समागम को सुचारू और सुरक्षित ढंग से निपटाने के लिए वहां के सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय वार्षिक होला मुहल्ला 2 से 4 मार्च, 2026 तक श्री आनंदपुर साहिब में मनाया जाएगा। डीआईजी रूपनगर रेंज नानक सिंह और एसएसपी रूपनगर मनिंदर सिंह के साथ एक समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने निर्देश दिए कि दुनिया भर से खालसे के जन्म स्थान पर नतमस्तक होने वाली लाखों संगतों की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं।

12 सेक्टर में विभाजित किया गया पूरा क्षेत्र

वर्णनीय है कि पूरे क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 5000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। हवाई निगरानी और भीड़ की निगरानी के लिए छह ड्रोन तैनात किए गए हैं, जिनकी लाइव फीड की निगरानी केंद्रीय कंट्रोल रूम पर की जाएगी। स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने सभी सेक्टर इंचार्जों और तैनात पुलिस बल को संगत के साथ बहुत ही नम्रता से पेश आने और इस समागम को सफल बनाने के लिए पूरी लगन और दृढ़ता से काम करने के निर्देश दिए।

शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन के लिए कसी कमर

सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि होला महल्ला के शांतिपूर्ण और सुचारू प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए रूपनगर पुलिस द्वारा कई नई पहल लागू की गई हैं ताकि संगतों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्पेशल डीजीपी ने कहा कि क्षमता अनुसार कुल 21 पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं और संगतों के मार्गदर्शन के लिए पार्किंग और रूटों के लिए एक कलर-कोडिंग योजना लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 ई-रिक्शा और 50 मिनी-बसों सहित 24 घंटे शटल सेवाएं पार्किंग क्षेत्रों पर उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि संगतों को शटल बस सेवाओं, पार्किंग पॉइंटों, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विवरण में मदद करने के लिए विभिन्न स्थानों पर क्यूआर-कोड आधारित जानकारी प्रणालियां स्थापित की गई हैं।

 

  • TAGS
  • [post_tags]