Punjab Crime News : हेरोइन की खेप सहित तीन नशा तस्कर काबू

0
317
Punjab Crime News : हेरोइन की खेप सहित तीन नशा तस्कर काबू
Punjab Crime News : हेरोइन की खेप सहित तीन नशा तस्कर काबू

पकड़े गए आरोपियों से 24.5 किलो हेरोइन, 21 लाख ड्रग मनी और मल्टी-कॉप्टर ड्रोन बरामद

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त आॅपरेशन में पाकिस्तान समर्थित सीमा पार से चल रहे तस्करी मॉड्यूल के तीन मास्टरमाइंड को 24.5 किलो हेरोइन और 21 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव नूरवाल निवासी जगजीत सिंह उर्फ राणा, अमृतसर के गांव औलख खुर्द निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और अमृतसर के गांव धूपसड़ी निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई है।

ड्रोन के माध्यम से होती थी हेरोइन तस्करी

उन्होंने बताया कि हेरोइन और ड्रग मनी बरामद करने के अलावा बीएसएफ और पुलिस टीमों ने एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा सीमा पार से खेप पहुंचाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा एक एसयूवी महिंद्रा थार सहित दो कारें भी जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए किया जाता था।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के साथ सीधे संबंध थे। उन्होंने बताया कि गहन तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीमों ने इस सीमा पार नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस तरह मिली पुलिस को सफलता

इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एएनटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में की गई थी। पहले चरण में एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन के साथ 12.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसके बाद ड्रोन के तकनीकी डेटा, अक्षांश-देशांतर (लैटिट्यूड-लॉन्गिट्यूड) और टावर डंप के विस्तृत अध्ययन सहित फोरेंसिक विश्लेषण के बाद मनप्रीत सिंह के घर से 12.4 किलोग्राम हेरोइन की एक और खेप बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 24.5 किलोग्राम हो गई। एसपी ने बताया कि आरोपी जगजीत राणा ने हाल ही में ड्रग मनी से महंगे और पॉश इलाकों में संपत्तियां खरीदी थीं और वह कारों का शौकीन था। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Amritsar Breaking News : लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी पर अड़ा रंधावा का परिवार

  • TAGS
  • [post_tags]