खालिस्तान समर्थकों की तरफ से ईमेल भेजकर किया ऐलान, कहा, 6 जून 1984 को हुए गोल्डन टेंपल अटैक का बदला लेंगे
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : एक बार फिर से पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करते हुए खालिस्तान समर्थकों ने प्रदेश के पांच बड़े मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी दी है। यह धमकी एक ईमेल भेजकर दी गई है। जिन मंदिरों को उड़ाने की धमकी दी गई है उनमें दुग्यार्णा मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, देवी तलाब मंदिर, माइसरखाना मंदिर, काली देवी मंदिर का नाम शामिल है। जिस ईमेल के द्वारा धमकी दी गई है उसमें लिखा है कि दोपहर 1:11 से 3:11 बजे के बीच धमाके होंगे। इसके साथ ही 6 जून 1984 को गोल्डन टेंपल पर हुए अटैक बदला लेंगे।
पंजाब सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी
इसके अलावा चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। गुरुवार को सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक ई-मेल मिला, जिसमें परिसर में बम होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने चलाया सर्च आॅपरेशन
सचिवालय और मंदिरों के आसपास के इलाकों में सर्च आॅपरेशन चलाया गया, लेकिन शुरूआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वहीं, पुलिस और साइबर सेल की टीमें धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हैं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
पहले भी दी जा चुकी ऐसी धमकी
ज्ञात रहे कि कुछ दिन पहले भी ईमेल भेजकर पंजाब सचिवालय व अन्य कई अहम स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। जोकि अफवाह मात्र निकली थी। इसके बाद पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने ऐसी देश विरोधी ताकतों को प्रदेश की शांति भंग न करने की चेतावनी देते हुए उनसे सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए थे।


