स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने शहीदी सभा के मद्देनजर फतेहगढ़ साहिब में सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा, 3400 पुलिस कर्मी रहेंगे तैनात
Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों – बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह, की अद्वितीय शहादत को श्रद्धांजलि देने के लिए तीन दिवसीय वार्षिक शहीदी सभा 25 दिसंबर से 27 दिसंबर, 2025 तक फतेहगढ़ साहिब में होगी। शहीदी सभा के मद्देनजर पुलिस के विशेष डायरेक्टर जनरल (स्पेशल डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने आज फतेहगढ़ साहिब का दौरा किया और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया ताकि जिले में सुचारू और सुरक्षित ढंग से समागम सुनिश्चित किया जा सके।
छह सेक्टरों में बांटा गया पूरा क्षेत्र
उल्लेखनीय है कि पूरे क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है और दुनिया भर से आने वाली लाखों संगतों की सुरक्षा, सुचारू आवागमन तथा आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए छह एसपी रैंक के अधिकारियों एवं 24 डीएसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में 3400 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली फोर्स तैनात की गई है।
डीआईजी रोपड़ रेंज रहे मौजूद
विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला, जिनके साथ डीआईजी रोपड़ रेंज नानक सिंह तथा एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल भी मौजूद थे, ने शहीदी सभा के पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए तैनात एसपी एवं डीएसपी रैंक के सभी अधिकारियों तथा पुलिस फोर्स को लगन से सेवा निभाने की हिदायत दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को संगत के साथ बहुत विनम्रता एवं शालीनता से पेश आने तथा समागम को सफल बनाने के लिए पूरी श्रद्धा-भावना एवं दृढ़ता से कार्य करने के निर्देश दिए।
सभी सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इस साल शांतिपूर्ण एवं सुचारू ढंग से शहीदी सभा करवाने को सुनिश्चित करने के लिए फतेहगढ़ साहिब पुलिस द्वारा कई नई पहलकदमियां लागू की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को माथा टेकने में किसी भी प्रकार की मुश्किल का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब के जीएसटी प्राप्ति में 16 प्रतिशत वृद्धि : चीमा


