Punjab News: मोगा में सनसनीखेज घटना, कनाडा से लौटे युवक की संदेहास्पद मौत, मां ने लगाया हत्या का आरोप

0
58

Punjab News: मोगा जिले से रविवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के अजीतवाल कस्बे में 20 वर्षीय युवक का शव उसके पड़ोसी के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह गैरी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोगा के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कनाडा से लौटा था युवक

मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा करीब दो महीने पहले कनाडा से भारत लौटा था। मां का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला उसे एयरपोर्ट से सीधे अपने घर ले गई थी। इसके बाद से वह पिछले दो महीने से उसी के घर पर रह रहा था। इस दौरान बेटे को अपने परिवार से मिलने तक नहीं दिया गया।

बेटे से 9 लाख रुपये लिए

मां ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने उनके बेटे से करीब 9 लाख रुपये ले लिए थे। इन पैसों से एक ट्रैक्टर, अपाचे मोटरसाइकिल और एक लैपटॉप खरीदा गया। उन्होंने बताया कि बेटे के वीजा की अवधि समाप्त होने से करीब एक महीना पहले ही उसे कनाडा से वापस बुला लिया गया था। मां के अनुसार, उनका बेटा किसी डर के कारण न तो उनसे मिलने आ रहा था और न ही अपने घर जाने की हिम्मत जुटा पा रहा था। यहां तक कि उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रखा जाता था।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

मां ने बताया कि उनका बेटा करीब दो साल पहले कनाडा गया था। वहां रहते हुए उसकी उक्त परिवार के सदस्यों से फोन पर लगातार बातचीत होती थी। लेकिन दो महीने पहले भारत लौटने के बाद वह सीधे अपने घर आने की बजाय पड़ोसी के घर रहने लगा। मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को कोई जहरीली चीज पिलाई गई या उसे करंट लगाया गया। जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो परिवार को सूचना दी गई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही जांच

इस संबंध में थाना अजीतवाल के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि कस्बा निवासी कर्मजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे गुरदीप सिंह की 31 अक्टूबर की शाम को मनप्रीत सिंह, उसकी पत्नी मनदीप कौर और सोनी ने मिलकर बिजली का करंट लगाकर हत्या कर दी।

  • TAGS
  • [post_tags]