Punjab Weather Today| Punjab Weather Today 9 August 2026: पंजाब में शनिवार को मानसून ने एक बार फिर जोर दिखाया. सुबह से लेकर शाम तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर चला. कहीं बादल जमकर बरसे तो कहीं हल्की फुहारों ने मौसम सुहावना कर दिया. बारिश के बाद तापमान में भी अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली. मौसम विभाग के मुताबिक, 10 अगस्त तक पंजाब में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, हालांकि इसके बाद मानसून के कमजोर पड़ने के आसार हैं.
चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश, अमृतसर भी पीछे नहीं
शनिवार को चंडीगढ़ में 33.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो बाकी इलाकों के मुकाबले सबसे ज्यादा रही. वहीं अमृतसर में 21.8 मिमी बारिश हुई. बारिश के चलते दोनों जगहों पर मौसम में ठंडक महसूस की गई और लोगों को उमस से भी राहत मिली.
लुधियाना में 6.0 मिमी, पटियाला में 5.8 मिमी और पठानकोट में 8.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. बठिंडा में 7.7 मिमी और संगरूर में भी 8.6 मिमी बारिश हुई.
इन जिलों में भी बरसे बादल
बारिश का असर पंजाब के कई दूसरे हिस्सों में भी देखने को मिला. बरनाला में 6.5 मिमी, फरीदकोट में 3.0 मिमी और फतेहगढ़ साहिब में 2.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. एसबीएस नगर में 1.4 मिमी, होशियारपुर में 1.5 मिमी और फिरोजपुर में 1.0 मिमी बारिश हुई. मोहाली में भी 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
सामान्य से 5 डिग्री नीचे रहा तापमान
बारिश का सीधा असर तापमान पर भी पड़ा. पंजाब के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. ये सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस कम है. मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली.
कब तक होगी बारिश?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब में 10 अगस्त तक मानसून की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इसके बाद मानसून के कमजोर पड़ने के आसार जताए गए हैं. ऐसे में आज और कल पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है.


