Punjab University Elections News: पंजाब यूनिवर्सिटी में नए छात्र परिषद के गठन के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया। वोटिंग सुबह 9:30 बजे शुरू हुई और चुनाव को लेकर पूरे कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय परिसर के अलग-अलग हिस्सों और प्रवेश द्वारों पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। लंबी छुट्टी के बावजूद सुबह से ही पंजाब यूनिवर्सिटी के गेटों पर छात्रों और वाहनों की भारी भीड़ नजर आई। कई प्रवेश द्वारों पर वाहनों की कतार लगी रही। इसके चलते कैंपस में आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
अध्यक्ष पद पर 4 उम्मीदवारों की टक्कर
इस बार पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र परिषद के अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। अध्यक्ष के साथ-साथ उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और विभागीय प्रतिनिधि यानी डीआर पदों के लिए भी मतदान हो रहा है। कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के मुकाबले में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के गुरमन सिंह सिद्धू, आम आदमी पार्टी समर्थित ASAP के आदिल बराड़, बीजेपी समर्थित ABVP के अंकित बिधान और SAD के दर्शप्रीत सिंह शामिल हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, सचिव पद के लिए तीन और संयुक्त सचिव पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं।
छुट्टी के बीच भी गेटों पर दिखी छात्रों की भीड़
लंबी छुट्टी होने के कारण इस बार मतदान प्रतिशत कम रहने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि मतदान शुरू होते ही कैंपस के अलग-अलग गेटों पर छात्रों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र अपने-अपने विभागों की ओर जाते नजर आए। विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वारों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण कुछ जगहों पर ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। प्रशासन की ओर से छात्रों को उनके संबंधित विभागों में प्रवेश के लिए सुबह 9:30 बजे तक का समय दिया गया था। भारी यातायात के चलते देर से पहुंचने वाले कुछ छात्रों को विभाग तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त 10 मिनट की छूट भी दी गई।
11:30 बजे तक वोटिंग, दोपहर से होगी काउंटिंग
छात्र परिषद चुनाव के लिए मतदान सुबह 11:30 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 12 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। वोटों की गिनती जिम्नेजियम हॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी। चुनाव परिणाम शाम तक घोषित किए जाने की उम्मीद है। अब सबकी नजर अध्यक्ष पद के मुकाबले पर है, जहां चार उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। परिणाम के बाद यह साफ होगा कि इस बार पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र परिषद की कमान किसके हाथ में जाती है।


