प्रदेश भर में 25 जून से घर-घर गणना होगी शुरू
Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में एसआईआर के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ज्ञात रहे कि प्रदेश भर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) 2026 के तहत पूरे राज्य में घर-घर गणना 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक चलेगी। इसमें बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) वोटरों के विवरण की पुष्टि करने और गणना फॉर्म इकट्ठा करने के लिए घर-घर जाएंगे।
इस राज्य स्तरीय रिवीजन की तैयारियों का जायजा लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा आईएएस द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के डिप्टी चुनाव आयुक्त भानू प्रकाश येतूरू की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा ने डिप्टी चुनाव आयुक्त को राज्य के चुनाव तंत्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें 5 डिवीजन, 23 जिले और 117 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें कुल 14,664 स्थानों पर 24,453 पोलिंग स्टेशन हैं। उन्होंने आगे बताया कि राज्य में कुल 85.82 प्रतिशत वोटर मैपिंग पूरी हो चुकी है।
एसआईआर के लिए दिया गया स्पेशल प्रशिक्षण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब ने बताया कि एडीईओ, ईआरओ, एईआरओ, चुनाव तहसीलदारों और तकनीकी स्टाफ के लिए कराया गया तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जबकि बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर्स के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रगति पर है। चुनाव सामग्री की छपाई का काम जारी है और घर-घर जाकर तस्दीक करने के चरण से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस रिवीजन को निर्विघ्न और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए पूरे राज्य में पूर्ण समन्वय के साथ काम किया जा रहा है। सत्र के दौरान, डिप्टी चुनाव आयुक्त ने सभी डीईओ को वोटर सूचियों की शुद्धता, पूर्णता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक जिले की फील्ड मशीनरी की तैयारियों और क्रियान्वयन प्रोटोकॉल की समीक्षा की, जिसे यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है कि कोई भी योग्य वोटर सूची में दर्ज करने से छूट न जाए और कोई अयोग्य एंट्री शामिल न की जाए।
बैठक में दिए गए विशेष निर्देश
बैठक के दौरान घर-घर जाकर तस्दीक करने और वोटरों को गणना फॉर्म भरने में सहायता करने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया गया। इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने और प्रचार अभियानों के माध्यम से वोटर जागरूकता बढ़ाने के लिए निर्देश जारी किए गए। भारत निर्वाचन आयोग के डिप्टी चुनाव आयुक्त भानू प्रकाश येतूरू पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर हैं और अगले दो दिनों में अन्य जिलों को कवर करेंगे। इस दौरे के दौरान उनके साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब भी रहेंगी।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : मुझे बदनाम करने की साजिश की जा रही : भगवंत मान


