40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
Punjab Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। हालांकि पिछले कई दिन से प्रदेश में छिटपुट बारिश का दौर जारी था। हर रोज प्रदेश में कहीं न कहीं बारिश व हल्की बंूदाबांदी हो रही थी। लेकिन मंगलवार को प्रदेश में मानसून न केवल सक्रिय हुआ बल्कि इसमें तेजी भी आई। जिससे प्रदेश के कई शहरों में तेज बारिश हुई।
इससे जहां इन शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके साथ ही धान व अन्य खरीफ फसलों की बिजाई में जुटे किसानों ने इस बारिश से राहत की सांस ली है। बीते दिन हुई बारिश से प्रदेश का जालंधर व नवांशहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए और यहां पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
इस तरह रहेगा आज का मौसम
भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने प्रदेश में आज के मौसम संबंधी जानकारी साझा करते हुए कहा है कि आज लगभग पूरे प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही कई जगहों पर रुक-रुक कर वर्षा और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके साथ ही आने वाले दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि कल यानी 9 जुलाई को भी प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इसके बाद 10 जुलाई को पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और फिर 11 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।
पंजाब को प्रभावित करता है हिमाचल का मौसम
एक तरफ जहां मौसम विभाग ने पंजाब में कई जगह बारिश की संभावना जताई है। वहीं पंजाब के किसानों की चिंता हिमाचल के मौसम को लेकर है। यदि हिमाचल में भारी बारिश का दौर जारी रहता है और वहां पर बादल फटने की घटनाएं होती हैं तो यह पंजाब को काफी ज्यादा प्रभावित कर सकती हैं। हिमाचल का बरसाती पानी पंजाब के मुख्य बांधों में आता है। यदि इन बांधों में पानी की मात्रा ज्यादा होती है तो इसे पंजाब की प्रमुख नदियों और नहरों में छोड़ा जाता है जिससे पंजाब में बाढ़ की स्थिति बन जाती है। ज्ञात रहे कि पिछले साल पंजाब को भयानक बाढ़ का सामना करना पड़ा था।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather : हरियाणा में आज से मानसून पकड़ेगा रफ्तार


